जानकी शरण द्विवेदी
Gonda News छात्र नेता व राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय के नेतृत्व में लखनऊ के इको गार्डन में निजी स्कूलों की मनमानी फीस के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने समोसा और किताब के प्रतीकात्मक प्रदर्शन से यह संदेश दिया कि संसद में समोसे पर चर्चा होती है, लेकिन किताबों की लूट पर नहीं। शिवम पांडेय ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र की नींव है, इस पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
छात्रों की प्रमुख मांग है कि एक देश एक शिक्षा नीति पर संसद में बहस हो और कानून बने। बीबीडी यूनिवर्सिटी के छात्र नेता अंकित तिवारी ने बताया कि कल संसद रूपी धरना लगाया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर के छात्र नेता भाग लेंगे। जिला अध्यक्ष मुर्तुजा हिलाल ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। कार्यक्रम में कई छात्र नेता मौजूद रहे।
युवक ने लगाई फांसी, मौत
Gonda News देहात कोतवाली क्षेत्र में पसियन पुरवा गांव निवासी 19 वर्षीय आशीष यादव ने शनिवार को फंदा लगाकर जान दे दी। वह अपनी मां व सौतेले पिता के साथ रहता था। घटना के वक्त मां रसोई में थीं और पिता खेत गए थे। इसी दौरान आशीष ने भुसैले में फांसी लगाई। बाबा जगतराम के अनुसार, रस्सी टूटने से वह गिर पड़ा, जिसे छोटा भाई विनय ने देखा। परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
20 अगस्त को होगा शिक्षक संघ का चुनाव
Gonda News एसएलबीएस कॉलेज में शिक्षक संघ का चुनाव 20 अगस्त को होगा। इसी दिन राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर संगोष्ठी भी होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि नामांकन 5 और 6 अगस्त को होंगे, जबकि वापसी 12 अगस्त और स्क्रूटनी 13 अगस्त को होगी। चुनाव सभा कक्ष में 11 से 2 बजे तक होगा, मतगणना उसी दिन 3 बजे से शुरू होगी। प्रो. जय शंकर तिवारी के अनुसार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, सह मंत्री, कोषाध्यक्ष और तीन कार्यकारिणी सदस्यों के लिए चुनाव होगा। एक पद महिला शिक्षिका के लिए आरक्षित रहेगा।
जनसेवा केंद्र संचालक से 19200 की साइबर ठगी
Gonda News देहात कोतवाली क्षेत्र के पूरे तिवारी गांव निवासी एक जनसेवा केंद्र संचालक से दिल्ली-कुवैत फ्लाइट टिकट बुक कराने के नाम पर ₹19200 की साइबर ठगी की गई। पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एक अज्ञात कॉलर ने खुद को हवाई टिकट एजेंट बताया और गूगल पे के माध्यम से ₹4800 की चार किस्तों में कुल ₹19200 की राशि मंगा ली।
ठग ने एक फर्जी आईडी से टिकट बुक होने का स्क्रीनशॉट भेजा, लेकिन जैसे ही रकम पूरी हुई, कॉलर ने मोबाइल बंद कर दिया। धर्मेंद्र ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कर दी है। साथ ही कोतवाली में भी लिखित सूचना दी गई है। पीड़ित ने धोखाधड़ी में संलिप्त मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपा है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है, जांच की जा रही है।

गैस रिसाव से राम पियारे के घर में लगी आग
Gonda News नवाबगंज के बैजलपुर पूरेगजई में राम पियारे के घर खाना बनाते समय गैस रिसाव के कारण आग लग गई। पत्नी गुड़िया देवी ने बाहर भागकर जान बचाई, लेकिन छप्पर जल गया। आग में अनाज, कपड़े, भूसा सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
मध्यस्थ पद के लिए 8 अगस्त तक आवेदन
Gonda News जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में संचालित मध्यस्थता केंद्र में अधिवक्ताओं से आवेदन मांगे गए हैं। 25 पदों पर मध्यस्थ नियुक्त किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 8 अगस्त है। आवेदन पत्र वेबसाइट या सूचना कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदक दस्तावेजों के साथ फॉर्म को व्यक्तिगत रूप से या स्पीड पोस्ट द्वारा सचिव कार्यालय में जमा कर सकते हैं। योग्यता व अन्य जानकारी के लिए प्राधिकरण से संपर्क करें।
चार तहसीलों में बनेंगे सीएम मॉडल स्कूल
Gonda News जिले की चारों तहसीलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेंगे, जिनमें प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई एक ही छत के नीचे होगी। सदर तहसील के दुल्लापुर खालसा में निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, अन्य तीन तहसीलों में जमीन की तलाश की जा रही है।
गोंडा में अवैध खनन पर छापा, दो वाहन जब्त
Gonda News जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत माधवपुर गजाधरपुरवा गांव में अवैध खनन की सूचना पर खनन विभाग की टीम ने छापा मारा। मौके पर एक रैपर मशीन और एक ट्रैक्टर ट्रॉली अवैध खनन करते पकड़े गए। विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही खननकर्ता फरार हो गए। मौके से जब्त दोनों वाहनों को पुलिस की अभिरक्षा में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू की गई है। जिला खनन अधिकारी की अगुवाई में की गई कार्रवाई से अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में मिट्टी की खुदाई कर अवैध परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान संबंधित राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अधिवक्ताओं ने फर्जी केस के विरोध में किया प्रदर्शन
Gonda News करनैलगंज में सीओ द्वारा अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे के विरोध में वकीलों ने शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम बुझारथ द्विवेदी और अन्य पदाधिकारियों ने आंदोलन को नेतृत्व दिया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक फर्जी मुकदमों की वापसी नहीं होती, वे हर शनिवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
योग शिविर में लोगों ने सीखा स्वास्थ्य मंत्र
Gonda News आवास विकास स्थित प्रेरणा पार्क में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी के नेतृत्व में नियमित योग शिविर संचालित हो रहा है। शिविर में सूक्ष्म व्यायाम से लेकर सूर्य नमस्कार तक कराया गया। साथ ही आहार-विहार और दिनचर्या पर मार्गदर्शन भी दिया गया। योगाचार्य ने कहा कि योग से न केवल शारीरिक बल बढ़ता है, बल्कि चरित्र, संस्कार और शिक्षा में भी उन्नति होती है। शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों की भागीदारी रही।

नवोदय विद्यालय में 11वीं में दाखिले का मौका
Gonda News मनकापुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मानविकी वर्ग की 11वीं कक्षा में रिक्त सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 60% अंकों से हाईस्कूल पास छात्र 10 अगस्त तक ऑफलाइन फॉर्म भर सकते हैं। सीबीएसई के छात्रों को प्राथमिकता मिलेगी।
युवक का शव पेड़ से लटका मिला
Gonda News नवाबगंज के इंदरपुर अंबरपुर निवासी साहबदीन (32) का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला। लोअर से बना फंदा गले में था। परिजन आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं। वह अविवाहित था और मजदूरी करता था। शुक्रवार रात कहासुनी के बाद घर से निकल गया था। सुबह शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। नशे की सामग्री और चप्पल घटनास्थल के पास मिली। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
किसान इंटर कॉलेज में छात्राओं ने दिखाई मेहंदी कला
Gonda News किसान इंटर कॉलेज मल्लापुर में शनिवार को छात्राओं के लिए आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत मिश्र व प्रधानाचार्य गिरीशचंद्र ने दीप प्रज्वलन से की। प्रतियोगिता में अमरीन, पूर्णिमा, रीतिका, शिवानी व नेहा सहित कई छात्राओं ने भाग लिया।
निर्णायक मंडल ने कला, रचना और मौलिकता के आधार पर अमरीन को प्रथम स्थान, पूर्णिमा को द्वितीय व रीतिका को तृतीय स्थान का पुरस्कार दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक व छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश तिवारी ने किया। छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। प्रधानाचार्य गिरीशचंद्र ने कहा कि ऐसी गतिविधियां रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं और छात्राओं को मंच प्रदान करती हैं।
डॉ. अमित भारती बने उप जिला क्षय रोग अधिकारी
Gonda News गोंडा में डॉ. अमित भारती को पुनः उप जिला क्षय रोग अधिकारी नियुक्त किया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद स्वास्थ्य महानिदेशक ने यह निर्णय लिया। पूर्व में डॉ. जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति को कर्मचारियों के विरोध के चलते निरस्त किया गया था।
यह भी पढें : PM Kisan 20th Installment: 9.7 करोड़ किसानों को मिला पैसा
पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
