मता-पिता की स्मृति में वर्षा सिंह ने किया छात्रवृत्ति देने का ऐलान
कालेज में करियर परामर्श प्रकोष्ठ और कैंटीन का किया गया उद्घाटन
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। मुख्यालय पर स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज को आगामी चार साल के अंदर प्रदेश स्तर के कालेजों में शामिल कराने के संकल्प के साथ शुक्रवार को बड़ी घोषणाएं की गईं। छात्र-छात्राओं के उचित मार्गदर्शन के लिए एक तरफ जहां कालेज में सुयोग्य विशेषज्ञों द्वारा करियर काउंसलिंग सेल का उद्घाटन किया गया, वहीं दूसरी तरफ मेधावियों के सपनों को उड़ान देने के लिए कालेज प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष सुश्री वर्षा सिंह ने अपने स्वर्गीय माता-पिता श्रीमती सरोज सिंह व सत्यदेव सिंह की स्मृति में दस पुरस्कारों की घोषणा की।
कालेज के मीडिया प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र नाथ मिश्र ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्व. सत्यदेव सिंह की स्मृति में कालेज के ललिता शास्त्री सभागार में आयोजित समारोह में वर्षा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप जो कुछ शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, उससे भविष्य में किस क्षेत्र में क्या करियर बनाया जा सकता है, इस बारे में करियर परामर्श प्रकोष्ठ आपकी लगातार मदद करेगा। इस प्रकोष्ठ का उद्देश्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने सपनों को पंख लगाकर उड़ने के लिए यथोचित मार्गदर्शन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आगामी चार वर्ष में हमें मिलकर अपने कॉलेज को प्रदेश का अग्रणी कॉलेज बनाना है। अपने पिता की स्मृति में सत्य-सरोज फाउंडेशन की ओर से उन्होंने महाविद्यालय में सभी संकायों के स्नातक स्तर के द्वितीय वर्ष में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले एक-एक विद्यार्थी और परा स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष में सर्वोच्च अंक पाने वाले एक-एक विद्यार्थी, सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में से एक मेधावी को तथा राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले कॉलेज के विद्यार्थी को दस-दस हजार रुपए एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान किए जाने की घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय शिक्षकों की सराहना करते हुए उनसे पूर्ण मनोयोग के साथ कालेज को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए अपील की। समझा जाता है कि उनकी इस प्रशंसनीय घोषणा के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और विद्यार्थी अपने अध्ययन एवं खेलकूद में पूरे मनोयोग से दत्त चित्त होंगे।

इस मौके पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव उमेश शाह ने महाविद्यालय में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस क्रम में उनके द्वारा महाविद्यालय कैंटीन की शुरुआत, करियर काउंसलिंग सेल के उद्घाटन, चार दिवसीय ताइक्वांडो शिविर के प्रारंभ और मेधावी विद्यार्थियों के सतत विकास और प्रोत्साहन की जानकारी दी गई। प्रबंध समिति के सचिव उमेश शाह ने महाविद्यालय-वाचनालय में चार अतिरिक्त टैबलेट के लगाए जाने की सूचना दी, जिससे अब अधिक विद्यार्थी स्वयं को सूचना और ज्ञान से लैस कर सकेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के हिंदी विभाग के विद्यार्थियों खुशबू सिंह, प्रदीप, मनीष और दीपक को सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल ही में यूजीसी की नेट-जेआरफ परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके साथ ही ताइक्वांडो में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले महाविद्यालय के विद्यार्थी पीयुष को भी प्रबंध समिति ने सम्मानित किया। करियर काउंसलिंग सेल के संयोजक भूगोल विभाग के अध्यक्ष डॉ. रंजन शर्मा ने इसकी आवश्यकता और प्रकार्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह प्रकोष्ठ विद्यार्थियों के भविष्य को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्कार के साथ रोजगार से जोड़ने वाली होनी चाहिए। महाविद्यालय यद्यपि यह कार्य पहले से करता आ रहा था, पर व्यवस्थित रूपरेखा बनाकर प्रकोष्ठ के सदस्य योजना बद्ध ढंग से विद्यार्थियों को लाभान्वित करेंगे। निकट भविष्य में इसके उत्साहजनक परिणाम सामने आएंगे। विगत दिनों एक दुर्घटना में असामयिक काल कवलित हुई महाविद्यालय की छात्रा सलोनी के परिजनों को संवेदना-स्वरूप कालेज की तरफ से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। समारोह का प्रारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। स्वागत भाषण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आरके पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के मुख्य नियन्ता डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. रंजन शर्मा द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रबंध समिति के सह सचिव कैलाश वर्मा, सदस्य विजय कृष्ण पाण्डेय, डा. आलोक अग्रवाल, संजू छाबड़ा, डा. केएन पाण्डेय, डा. शिव शरण शुक्ला, डा. आरबी सिंह बघेल, डा. जय शंकर तिवारी, प्रदीप मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

कलमकारों से अनुरोध..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
