Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News: IAS सूरज पटेल सम्हालेंगे आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी

Gonda News: IAS सूरज पटेल सम्हालेंगे आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने खाद्य एवं रसद विभाग की बेपटरी हो चुकी व्यवस्था को सम्हालने की भी जिम्मेदारी एसडीएम सदर के पद पर तैनात युवा आइएएस अधिकारी सूरज पटेल को सौंपी है। समझा जा रहा है कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्तर के एक युवा अधिकारी के सीधे हस्तक्षेप के उपरान्त खाद्यान्न घोटाले के लिए चर्चित इस जनपद की व्यवस्था में सुधार हो सकेगा।
बताते चलें कि गोण्डा जनपद खाद्यान्न घोटाले को लेकर पिछले कई वर्षों से सुर्खियों में रहा है। राज्य सरकार की एजेंसी आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच में खाद्यान्न माफियाओं के सहयोग से यहां का खाद्यान्न बांग्लादेश तक भेजे जाने की पुष्टि हुई। बाद में कुछ वर्षों की जांच सीबीआई के हवाले की गई जो अब भी प्रचलित है। 2018 में खाद्यान्न मामले को लेकर तत्कालीन जिलाधिकारी जेबी सिंह निलम्बित कर दिए गए। हालांकि प्रकरण संज्ञान में आने के तुरन्त बाद उन्होंने सभी सम्बंधित पक्षों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की थी, किन्तु शासन स्तर पर कुछ गलत फहमी के कारण उन्हें दण्डित होना पड़ा। बाद में हुई जांच में वह पूरी तरह से निर्दोष पाए गए और शासन ने शीघ्र ही उन्हें बहाली देकर बतौर विशेष सचिव गृह विभाग में तैनात किया। खाद्यान्न माफियाओं के काकस के समक्ष यहां तैनात होने वाले घाघ से घाघ जिला पूर्ति अधिकारी घुटने टेक देते हैं। परिणाम स्वरूप जिला प्रमुख के तमाम प्रयासों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाता। समझा जाता है कि इसी के दृष्टिगत जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने इस बार मुकम्मल प्रबंध करने के लिए तुरुप का इक्का चला है और व्यवस्था सम्हालने की जिम्मेदारी सूरज पटेल को सौंपी है। हालांकि उप जिलाधिकारी सदर के पद पर कार्यभार ग्रहण के उपरान्त शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्था सुधार के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ दिख रहे सूरज पटेल के समक्ष यह एक बड़ी चुनौती है। बताते चलें कि यहां तैनात जिला पूर्ति अधिकारी वीके महान का तबादला जनपद चित्रकूट के लिए हो गया है। जिलाधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए प्रतिस्थानी के कार्यभार ग्रहण करने तक इस पद का अतिरिक्त प्रभार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर सूरज पटेल को सौंपा है।

यह भी पढ़ें : ‘मिशन पारदर्शी’ पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने किया फोकस

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular