जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। बाल एवं किशोर कल्याण के लिए समर्पित अन्तर राष्ट्रीय संगठन यूनिसेफ की एक टीम ने जिले का भ्रमण कर जनपद में बाल श्रमिकों के लिए संचालित ‘नया सवेरा’ योजना के तहत उनके हित संरक्षण में अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली तथा विभिन्न विभागों द्वारा उठाए गए कदमों पर संतोष व्यक्त किया। इसी क्रम में टीम के सदस्य पुलिस कार्यालय पहुंचकर विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज से मुलाकात की। एएसपी ने उन्हें पुलिस विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक आशीष मिश्र ने बताया कि जिले में बच्चों व किशोरों के अधिकारों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी करने के लिए यूनिसेफ की तरफ से असीम दास व सुश्री पद्मा की अगुवाई में एक टीम गोंडा पहुंची। टीम के सदस्यों ने जिला प्रोबेशन अधिकारी, श्रम विभाग, बेसिक शिक्षा, चाइल्ड लाइन समेत बाल संरक्षण व महिला कल्याण के लिए काम करने वाले कई विभागों से मिलकर प्रगति की जानकारी ली। इस टीम ने गांवों में पहुंचकर इस योजना के तहत लाभ पाने वाले लाभार्थियों से भी मुलाकात की। कटरा बाजार विकास खण्ड के सर्वांग पुर में बाल विवाह पर आयोजित एक नाटक को भी देखा। बाद में इस टीम के सदस्य पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज से मिले और पुलिस विभाग द्वारा किशोर कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यां की जानकारी प्राप्त की। एएसपी ने बताया कि पुलिस विभाग और चाइल्ड लाइन के समन्वय से संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कई बच्चों को रेस्क्यू करके चाइल्ड लाइन को सौंपा गया। इसके बाद उनके परिवार वालों को बुलाकर बाल कल्याण समिति के माध्यम से उनके सुपुर्द कर दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों की देखरेख व संरक्षण और उनका भविष्य सुरक्षित रखने के लिए पुलिस कार्यालय में उनके नेतृत्व में विशेष किशोर पुलिस इकाई का गठन किया गया है। यह इकाई किशोर न्याय व्यवस्था को प्रभावी और बाल संरक्षण को बढ़ावा देने का काम कर रही है। इकाई को प्रभावी और सशक्त बनाने के लिए तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रावधानों के तहत बच्चों और नाबालिगों के संरक्षण के लिए थाना स्तर पर भी बाल कल्याण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। एएसपी ने उन्हें पुलिस विभाग द्वारा इस दिशा में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। टीम ने पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना किया। बाद में एएसपी ने टीम को साइबर क्राइम पर लिखी अपनी पुस्तक भी भेंट की। बता दें कि इस पुस्तक के लिखने पर एएसपी को गृह मंत्री अमित शाह ने सम्मानित किया था। इस टीम में मण्डलीय रिसोर्स पर्सन अनिल कुमार व टीआरपी टेक्निकल रिसोर्स पर्सन चन्द्रेश यादव भी शामिल थे।

यह भी पढें : दुष्कर्म व छेड़छाड़ के तीन वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
