Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : 80 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद

Gonda News : 80 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले के सात विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 80 उम्मीदवारों का भाग्य रविवार को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। सायंकाल पांच बजे तक 54.31 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि सात विधानसभा क्षेत्रों मेहनौन, गोण्डा सदर, कटरा बाजार, कर्नलगंज, तरबगंज, मनकापुर (सु.) और गौरा में मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं से किसी उल्लेखनीय अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि सायंकाल पांच बजे तक मेहनौन में 57 फीसद, गोण्डा सदर में 51.08 फीसद, कटरा बाजार में 54.01 फीसद, कर्नलगंज में 55.32 फीसद, तरबगंज में 53.13 फीसद, मनकापुर में 50.52 फीसद तथा गौरा में 51.06 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। समाचार लिखे जाने तक मतदान जारी था। जिले की सदर सीट पर कैसरगंज से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के पुत्र प्रतीक भूषण शरण सिंह और समाजवादी पार्टी के चर्चित मंत्री रहे स्व. विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह के भतीजे सूरज सिंह में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों आमने-सामने थे। तब प्रतीक भूषण सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत गए थे। जिले की दूसरी महत्वपूर्ण सीट मनकापुर की है, जहां भाजपा सरकारों में कई बार मंत्री रहे रमापति शास्त्री व सपा प्रत्याशी रमेश गौतम के बीच मुकाबला देखने को मिला। रमेश गौतम बसपा सुप्रीमो मायावती के करीबी नेताओं में माने जाते थे। वह कई बार जोनल कोआर्डीनेटर भी रहे किन्तु पिछले वर्ष वह सपा में शामिल हो गए थे। जिले की तीसरी महत्वपूर्ण सीट कर्नलगंज की है, जहां सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह व भाजपा के अजय कुमार सिंह के बीच रोचक मुकाबला है। इस सीट से कई बार विधायक रह चुके कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया का टिकट भाजपा द्वारा काट दिए जाने के बाद वह अपने धुर विरोधी योगेश प्रताप सिंह के समर्थन में चले गए। मतदान से ठीक पहले की रात में पूर्व मंत्री, उनके दो भाइयों व कई समर्थकों के खिलाफ घर में घुसकर महिला के साथ लूटपाट करने व सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने के बाद सपा कार्यकर्ता काफी दबाव में आ गए। हालांकि मतदान पर इसका खास असर नहीं दिखाई पड़ा। मेहनौन सीट पर सपा के टिकट पर तीन बार विधायक रहीं श्रीमती नंदिता शुक्ला व भाजपा के विधायक विनय द्विवेदी के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। तरबगंज सीट पर भाजपा के विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय व सपा के राम भजन चौबे तथा गौरा सीट पर भाजपा विधायक प्रभात वर्मा व कांग्रेस के राम प्रताप सिंह के बीच मुकाबला रहा। हालांकि सपा प्रत्याशी संजय विद्यार्थी भी कुछ स्थानों पर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में कामयाब रहा। इसी प्रकार कटरा बाजार सीट पर भाजपा विधायक बावन सिंह व सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे के मध्य मुकाबला देखने को मिला। यहां बसपा प्रत्याशी विनोद कुमार शुक्ल भी कई क्षेत्रों में टक्कर देते दिखे। प्रशासन द्वारा कटरा बाजार के ब्लाक प्रमुख व भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ल व उनके दो पुत्रों को मतदान कराने के बाद घर में नजरबंद कर दिया गया था। इसी प्रकार से जिले के कई अन्य थाना क्षेत्रों में भी कुछ लोगों को पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने की सूचना है।

कलमकारों से अनुरोध..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular