धूमधाम से निकाली गई प्रकाशोत्सव की शोभा यात्रा
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। सिखों के दसवें गुरु गोबिन्द सिंह के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा दुख निवारण से एक शोभा यात्रा निकाली गई। नगर में जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। गुरुग्रंथ साहिब पर पुष्पवर्षा की गई। गुरु गोविंद सिंह के कार्यों पर कार्यों पर प्रकाश डाला गया। इससे पूर्व गुरुद्वारे पर लंगर आयोजित किया गया। शोभायात्रा ने पंजाब की गतका पार्टी, हसदा पाइप बैंड पार्टी का करतब आकर्षण का केंद्र रहा। रागी प्रीतम सिंह ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। हरविंदर सिंह ने गुरु गोविंद सिंह की महिमा का बखान किया। उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गुरु ने धर्म व मानवता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके साहस और बहादुरी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मात्र नौ वर्ष की आयु में उन्हांेने अपने पिता गुरु तेग बहादुर सिंह से खुद को बलिदान करने का अनुरोध किया। वर्ष 1699 में वैशाखी के दिन खालसा पंथ की स्थापना की। इसके साथ ही गुरु ने सिक्खों की पवित्र ग्रंथ साहिब को भी पूरा किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा व सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए बिताया। इस मौके पर सरदार हरजीत सिंह, महेंद्र सिंह छाबड़ा, राजेंद्र सिंह खुराना, परमजीत सिंह, सिप्पू छाबड़ा आदि मौजूद रहे। शोभा यात्रा के जुलूस की सुरक्षा में सीओ यातायात मुन्ना उपाध्याय, नगर कोतवाल राकेश कुमार सिंह, यातायात निरीक्षक अभिनव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

नगर कीर्तन का सिंधी समाज ने किया स्वागत
नगर में निकाली गई शोभा यात्रा का सिंधी समाज ने जोरदार स्वागत किया। नगर के गुड्डू मल चौराहे पर स्थित एक निजी प्रतिष्ठान के सामने सिंधी समाज ने नगर कीर्तन का स्वागत करते हुए चाय एवं मट्ठी आदि का प्रसाद वितरण किया। गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब कमेटी का नया अध्यक्ष हरजीत सिंह छाबड़ा को चुना गया था। उसी कमेटी के विस्तार में सिंधी समाज के मुखिया राजकुमार ठक्कुर को कमेटी का उपाध्यक्ष चुना गया था। अपने मुखिया राजकुमार ठक्कुर को गुरुद्वारा साहिब कमेटी का उपाध्यक्ष चुने जाने पर सिंधी समाज में काफी उत्साह है। स्वागत समारोह में मुख्य रूप से पूज्य झूलेलाल धर्मार्थ समिति के अध्यक्ष मथुरादास लधानी, राजेश रायचंदानी, कैलाश लधवानी, प्रेम कुमार लधवानी, फती चंद राजपाल, अशोक रायतानी, प्रेम कुमार मनध्यान, अनिल निभानी, विजय वाधवानी, कैलाश लधवानी, राजकुमार लधानी, किशोर लधवानी आदि उपस्थित रहे।

विधायक की महाआरती के साथ पसका मेला शुरू
पौराणिक मान्यताओं को सहेजे भगवान वाराह की अवतार स्थली पसका (सूकरखेत) में होने वाले पसका पर्व का शुभारंभ हो गया। क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार सिंह की अगुवाई में गुरुवार की शाम गाजे बाजे के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तथा नागा साधु-सन्यासियों ने मां सरयू की महाआरती किया। मुख्य स्नान पर्व पौष पूर्णिमा (शुक्रवार) को हजारों श्रद्धालु पहुंचकर मां सरयू की धारा में आस्था की डुबकी लगा पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मान्यता है कि इसी स्थान पर भगवान विष्णु ने पृथ्वी को मुक्त कराने के लिए भगवान वाराह का रूप धारण किया था। इसलिए इए तपोस्थली को सूकरखेत कहा जाता है। पवित्र सरयू नदी के तट पर बड़ी संख्या में नागा, साधु-सन्यासी व गृहस्थों ने सांसारिक सुख सुविधाओं को छोड़कर फूस की कुटिया डालकर एक माह तक तपस्या में लीन रहते हुए कल्पवास करते हैं। सूकरखेत में सरयू व घाघरा दो नदियां मिलती हैं, इसलिए इसे संगम भी कहते हैं। संगम स्थल पर बांध बनने से यहां नदियों का संगम नहीं हो पा रहा है। मान्यता है कि यहां से तीन किमी. दूर राजापुर गांव में श्रीरामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी का जन्म हुआ था। सूकर खेत में गोस्वामी तुलसीदास जी के गुरु नरहरिदास जी का आश्रम विद्यमान है। मानस के बालकांड में इस स्थान का उल्लेख तुलसीदास जी ने खुद किया है। कहते हैं तुलसीदास जी ने इस पुण्य भूमि पर अपने गुरु से दीक्षा प्राप्त की थी। उनके गुरु के आश्रम में आज भी हस्त लिखित श्रीरामचरित मानस के पन्ने इस स्थली के ऐतिहासिकता की गवाही दे रहे हैं। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कर्नलगंज के एसडीएम हीरा लाल और पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय कुमार सिंह के साथ सूकर खेत पहुंचकर मेले की व्यवस्था का जायजा लिया।

छेड़खानी के दोषी को पांच वर्ष की सजा
जिले की एक अदालत ने बालिका से छेड़खानी के मामले में साधूलाल दास उर्फ ओमगिरी को पांच वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। विशेष लोक अभियोजक अनूप प्रताप सिंह के मुताबिक, 12 जून 2015 को इटियाथोक के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने दी गई तहरीर में कहा कि उसकी बेटी आम के बाग की रखवाली करने के लिए घर से गई थी। वह बाग के बगल में लगे नल से पानी लाने के लिए पहुंची। जहां आरोपित ने उसके साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। शिकायत पर स्थानीय थाने में आरोपी के खिलाफ छेड़खानी व पाक्सो अधिनियम का मुकदमा दर्ज किया गया। विवचेना के उपरान्त आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया गया। परीक्षण के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीसी (नवीन) अति. पाक्सो एक्ट जितेन्द्र गुप्ता ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए अभियोजन व बचाव पक्ष के गवाहों तथा अधिवक्ताओं को सुनकर आरोपी को दोषी करार देते हुए पांच वर्ष के सश्रम कारावास तथा पांच हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। जेल में बिताई गई अवधि सजा में समायोजित की जाएगी।

बैडमिंटन चैम्पियनशिप का समापन
नवाबगंज स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में चल रहे तीन दिवसीय पूर्वांचल ओपन प्राइज मनी बैडमिंटन चैपियनशिप का विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने के साथ समापन हुआ। बुधवार की देररात खेले गए अंडर-19 के फाइनल मैच में अयाज खान ने अभिनव वर्मा को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। सीनियर मेन के 40 प्लस के फाइनल मैच में आशुतोष कमल और कृष्ण गोपाल की जोड़ी ने सुदीप-अमित को दो सीधे सेट में आसानी से पराजित करते हुए चैपियन ट्रॉफी पर कब्जा किया। 60 प्लस के फाइनल का नतीजा राकेश सिंह राणा की जोड़ी के नाम रहा। अमरजीत-नवीन सागर को पराजय का मुंह देखना पड़ा। सीनियर मेन के समापन के बाद दोनों कोर्ट पर सिंगल और डबल्स के क्वॉर्टर फाइनल राउंड का मुकाबला शाम पांच बजे शुरू हुआ। विजेताओं को सांसद बृजभूषण शरण सिंह और चेयरमैन डॉ. सत्येंद्र सिंह ने ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 400 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर डॉ. नवीन सिंह, डॉ. जितेंद्र प्रताप झा, सोनू सिंह, पिंकल सिंह, सतीश सिंह, सुधीर यादव, घनश्याम, प्रेमचंद्र यादव मौजूद रहे।
तीन इनामी गिरफ्तार
जिले के खोड़ारे पुलिस ने 24-24 हजार रुपये के इनामी तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर खाद्यान्न घोटाला व धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं का मुकदमा है। उपनिरीक्षक रामधारी दिनकर ने टीम के साथ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक ने बताया कि 24-24 हजार रुपये के इनामी आरोपित गोपाल डीह कूकनगर ग्रंथ के रहने वाले रहमत अली, राम चरित्र व जगदीश नगर की रहने वाली अंगूरा देवी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने कहा कि विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए।
सांस के मरीजों पर भारी पड़ रही ठण्ड
पश्चिम से आने वाली सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दिया है। गुरुवार को पूरे दिन धूप नहीं निकली। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड से जिला अस्पताल में सांस की मरीज लोहंसा निवासी रामकुंवरि की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिला अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड व मेडिकल वार्ड बुजुर्गों से भरा हुआ है। सांस, हृदय समेत अन्य मरीज भर्ती है। गलन भरी ठंड का असर पशु व पक्षियों पर भी दिख रहा है। महाराजा अग्रसेन चौराहे पर अलाव के किनारे कई लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। गलन तेज होने से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

संगीत एवं गायन का ग्रैंड फिनाले आज
नवाबगंज स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय के स्टेडियम में प्रख्यात पखावज वादक संत पागल दास की स्मृति में चल रहे संगीत एवं गायन ग्रैंड फिनाले चैंपियनशिप में गीतकारों का सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। ग्रैंड फिनाले के चैंपियनशिप फाइनल राउंड में अपनी जगह बनाने के लिए युवाओं ने बढ़चढ़ कर प्रदर्शन किया। एक जनवरी से बृहस्पतिवार तक चले प्रतियोगिता में फिल्मी व गैर फिल्मी 11 गायकों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए चुने गए। फिल्मी गायन में लवकुश 48, दामिनी जोशी 42, किरन मिश्रा 40, राहुल कशौंधन 37, उवैद परबेज खान 36, राज जायसवाल ने 35 अंक हासिल कर फाइनल राउंड में अपनीं जगह बनाई। जबकि गैर फिल्मी गायकों में अतुल तिवारी 44, अलंकृता पांडेय 39, शुभांगी गुप्ता 38, खुशबू मिश्रा 37 और नीरज अवस्थी ने 35 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। शुक्रवार को संगीत एवं गायन ग्रैंड फिनाले चैंपियनशिप का समापन पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गीतों से समा बांधा। उन्होंने कहा कि अब हर वर्ष नंदिनी नगर में ऐसे आयोजन करा कर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अवसर दिया जाएगा। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, नंदिनी नगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीएल सिंह मौजूद रहे।
किशोरी से छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ मुकदमा
जिले के परसपुर थाने में घर में घुसकर एक किशोरी से छेड़खानी करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि 06 दिसम्बर 2022 को वह मजदूूरी करने गया था। उसकी बेटी को अकेली पाकर एक दबंग जबरन घर में घुस आया और अंदर से दरवाजा बंद कर उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा। आवाज सुनकर उसके भाई ने जब आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया तो आरोपी भाग निकला। मामले की शिकायत उसने चौकी शाहपुर पुलिस से की। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायत की जानकारी मिलने पर आरोपी उसे तथा उसकी बेटी को परेशान करने लगे। अब तेजाब फेंककर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की। एसपी ने अभियोग दर्ज करके विवेचना करने का आदेश दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सरोज ने बताया कि एसपी के आदेश पर आजम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विवाहिता की संदिग्ध मौत
जिले के कटरा बाजार थाने के पूरे कलिया बनगांव की रहने वाली विवाहिता रोशनी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बहराइच जिला के थाना पयागपुर के धौली गांव के विनोद कुमार ने कटरा बाजार थाने पर सूचना दी कि उसने अपनी बेटी रोशनी का विवाह हेमंत के साथ सात माह पूर्व किया था। अज्ञात कारणों से उसकी बेटी की मौत ससुराल में हो गई।
भाभी ने प्रेमी से करवाया ननद का दुष्कर्म
जिले के कर्नलगंज थाने में एक गांव की रहने वाली युवती की तहरीर पर भाभी व उसके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा किया गया है। तहरीर में युवती ने कहा कि उसकी मां का निधन हो चुका है। वह अपने भाई व भाभी के साथ रहती है। आरोप है कि उसकी भाभी एक व्यक्ति को घर पर बुलाया करती थी। उसने उसे फंसाने के लिए भी जाल बुना। अपने प्रेमी को एक दिन घर पर बुलाकर वह बहाने से घर से बाहर चली गई। बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। भाभी के प्रेमी ने युवती को असलहा दिखा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भाभी वापस आई। दोनों ने किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बढ़नी रेलमार्ग पर जल्द चलेंगे विद्युत चालित इंजन
पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन जनपदवासियों को इस माह के अंतिम सप्ताह में तोहफा देगा, जिसके तहत सुभागपुर से वाया बलरामपुर, गोरखपुर के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। बहुत जल्दी गोंडा से लखनऊ के बीच पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू होगा। यह बात पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण ने गोंडा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान कही। इससे पूर्व महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास तथा ट्रेन परिचालन में सुरक्षा व संरक्षा के परिप्रेक्ष्य में गुरुवार की सुबह नौ बजे गोरखपुर से आनंद नगर वाया बढ़नी होकर गोंडा रेलखंड के विंडो का निरीक्षण किया। जीएम का कहना है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ ही सुरक्षित ट्रेनों का संचालन करना ही कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि 35 करोड़ की लागत से पचपेड़वा से सुभागपुर रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक के विद्युतीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, जो इस माह के अंतिम सप्ताह में पूरा हो जाएगा। इससे गोरखपुर से बढ़नी वाया बलरामपुर, गोंडा रेलवे स्टेशन के बीच 225 किमी रेलवे ट्रैक पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। जीएम ने गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रूट रिले सिस्टम के दफ्तर, लोको लॉबी व रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को अत्यधिक कोहरे को देखते हुए संरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर रंजन यादव, मुख्य विद्युत लोको इंजीनियर अनुराग गुप्ता, मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक आलोक सिंह मौजूद रहे।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
