मंगल गीतों के साथ जिले के 2920 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हुयी गोद भराई
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते बंद पड़ीं पोषण अभियान की विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों की फिर शुरुआत हो गयी है। इसी के तहत मंगलवार को आंगनवाड़ी केन्द्रों पर गोदभराई कार्यक्रम मनाया गया, जिसमें मंगल गीतों और पूरे रस्मो-रिवाज के साथ गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गयी। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को खान-पान, संस्थागत प्रसव एवं स्तनपान के फायदे बताए गए। झंझरी ब्लॉक के आंगनबाङी केन्द्र परेड सरकार पर आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा व संजू यादव ने गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली, पोषाहार एवं फल देकर गोदभराई किया। मुख्य सेविका मुख्य सेविका रेखा देवी राजपूत ने गर्भवती महिलाओं से कहा कि गर्भावस्था में अपने तथा गर्भस्थ शिशु की सेहत पर ध्यान देने के लिए खान-पान सही रखें। उन्होंने कहा कि गर्भवती प्रसव पूर्व कम से कम चार जांच अवश्य करा लें तथा आवश्यक टीके भी जरूर लगवा लें। सीडीपीपो डीके गौतम ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को अपनी सेहत सही रखने के लिए उन्हें हरी सब्जियों, मौसमी फल सहित अन्य आवश्यक पोषण तत्व वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। गर्भ में पल रहे शिशु के लिये 270 दिन तथा उसके बाद दो साल तक (कुल मिलाकर एक हजार दिन) तक का समय उसके स्वस्थ जीवन की नींव होता है। इस दौरान विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। जब शिशु छह माह का हो जाए, तो उसे साफ सुथरे कटोरी में अन्न देना शुरू कर दिया जाना चाहिए, जिसे अन्नप्राशन कहते हैं। शुरू-शुरू में शिशु को दलिया, गाढ़ा दाल व मसली हुई सब्जी देना चाहिए।
मंडलीय पोषण विशेषज्ञ डॉ प्रफुल्ल ने बताया कि बच्चा के जन्म के एक घंटे के अंदर स्तनपान जरूरी है। मां का दूध बच्चे के लिए अमृत समान है। उन्होंने महिलाओं को अपने शिशुओं को कम से कम छह माह तक स्तनपान कराने तथा लड़का-लड़की में भेदभाव न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं को बताया कि वे बच्चों को खाना खिलाने या खुद ही खाना खाने से पहले साबुन से हाथ अवश्य धोएं। ऐसे में कोई बीमारी होने की आशंका कम रहती है। इसके अलावा पोषण से जुड़े हुए कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि जिले के 2920 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को गोदभराई दिवस मनाया गया। इसमें गर्भवती व धात्री महिलाओं के साथ-साथ मातृ समिति के सदस्यों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान गर्भवती को पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी गई। धात्री महिलाओं को कम से कम दो साल तक नवजात को स्तनपान कराने का सुझाव दिया गया। उन्होंने बताया कि सीडीपीओ डीके गौतम, अंकिता श्रीवास्तव, परमिला दयाल, सुशील कुमार सिंह आदि द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई दिवस मनाया गया।
यह भी पढें : राजस्व कार्यों में फिसडडी अधिकारियों के खिलाफ DM ने की कार्यवाही
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
