जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के कटरा बाजार थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के 02 अभियुक्तों अशोक तिवारी पुत्र प्रेम नरायन निवासी प्रेमनगर थाना तुलसीपुर जनपद बलरामपुर तथा हरिकेश पुत्र दधिबल निवासी छपरा मंसूर निवासी सोनबरसा बाजार थाना चौरीचौरा जनपद गोरखपुर को स्थानीय थाने पर दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के अभियोग में गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज कृपा शंकर कन्नौजिया ने बताया कि अभियुक्तों ने थाना कटरा बाजार क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की के साथ दुष्कर्म किया था। इस सम्बन्ध में पीड़िता के पिता द्वारा स्थानीय थाने पर अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया था। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मंगलवार को अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर मैजापुर चीनी मिल के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया।
हत्याभियुक्त गिरफ्तार
जिले के तरबगंज थाने की पुलिस ने हत्या के दो अभियुक्तों अर्जुन पुत्र भवानी प्रसाद व सूरज पुत्र अर्जुन निवासीगण भैरमपुर थाना तरबगंज को स्थानीय थाने पर दर्ज अभियोग के क्रम में गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी तरबगंज महाबीर सिंह ने बताया कि विगत 29 अगस्त को पुरानी रंजिश के चलते वादी संजीत यादव पुत्र राम प्रसाद निवासी भैरमपुर के पिता की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया था। इस सम्बन्ध में वादी द्वारा स्थानीय थाने पर अभियुक्तों के विरुद्ध भादवि की धारा 302.504.506 के तहत अभियोग दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने आज गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया।
मारपीट करने का आरोपी गिरफ्तार
जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने मारपीट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। प्रभारी निरीक्षक राज कुमार सिंह ने बताया कि आपसी-विवाद के चलते राम अभिलाख पुत्र नकछेद निवासी बाल गोविन्द पुरवा की पुत्री को गाली-गुप्ता देते हुए मारा-पीटा था, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गयी थी। इस सम्बन्ध में वादी राम अभिलाख द्वारा स्थानीय थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 158/20 अन्तर्गत धारा 308.323.504 भादवि के तहत दर्ज कराया था। आरोपी को आज गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया।
