पीड़ित परिजनों ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने हेतु दी तहरीर
संवाददाता
कर्नलगंज, गोण्डा। तहसील मुख्यालय स्थित सीएचसी कर्नलगंज में अस्पताल प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते एक नवजात शिशु की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में तैनात जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना पर पहुंची डायल 112 व स्थानीय पुलिस ने मामले को शांत कराया। उधर परिजनों द्वारा इलाज में लापरवाही व अभद्रता का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने हेतु तहरीर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत करुआ के ग्राम कुम्हर गढ़ी निवासी रोहित कुमार ने अपनी पत्नी पम्मी (19) को प्रसव हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। जब पम्मी प्रसव पीड़ा से परेशान होने लगी तो उसने ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को बताया। इस पर आन ड्यूटी नर्स ने कहा कि परेशान मत होइए, अभी बच्चा हो जायेगा। परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद परेशानी बढ़ने पर ड्यूटी पर तैनात नर्स से दुबारा दिक्कत बताई गई, तो नाराज होकर नर्स प्रसूता के पास पहुंची और गाली गलौज करने लगी। इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप यह भी है कि ड्यूटी पर तैनात नर्स सहित अन्य तीन स्टाफ द्वारा पीड़िता के पेट पर पैर से दबाव दिया, जिसके चलते नवजात बच्चे की मृत्यु हो गई। मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा और मृत बच्चे को लेकर वहीं बैठ गये। परिजनों ने स्टाफ पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। वहीं मामले की सूचना पर डायल 112 व स्थानीय पुलिस पहुंच गयी और मामले को शान्त कराने में जुट गई। परिजनों द्वारा इलाज में लापरवाही व अभद्रता का गम्भीर आरोप लगाते हुए बच्चे की मौत का जिम्मेदार अस्पताल प्रशासन को बताते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने एवं कानूनी कार्रवाई करने हेतु तहरीर दी गई है। घटना के संबंध में सीएचसी अधीक्षक से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें : जानें, UP के किस हिस्से में जल्द बारिश होने की संभावना
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
