जिला पंचायत अध्यक्ष और सीडीओ ने दीप प्रज्वलित कर किया मेले का शुभारंभ
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र और मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने गुरुवार को स्थानीय गांधी पार्क में आयोजित सप्ताह भर तक चलने वाले दीपावली मेले का फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने सम्बोधन में कहा कि करीब दो वर्ष तक कोरोना वायरस संक्रमण में प्रभावित रहे रेहड़ी तथा पटरी दुकानदारों की गाड़ी पटरी पर लाने के प्रयास में लगी उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अब उनको बड़ा प्लेटफार्म दे रही है। वोकल फॉर लोकल के तहत सरकार प्रदेश के ही जिले में आठ दिवसीय प्रदेश स्तरीय दीपावली मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में मेले का शुभारंभ किए जाने के साथ ही प्रदेश के 75 जिलों में इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इतिहास में यह पहला मौका है, जब पूरे प्रदेश में दीवाली के पूर्व रेहड़ी तथा पटरी दुकानदारों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, केन्द्र की नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के उन फैसलों को भी सामने लाना चाहती है, जिनसे रेहड़ी पटरी दुकानदारों को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मेले के आयोजन से एक नई परम्परा व व्यवस्था को बल मिलेगा।

यह भी पढ़ें : छह जिलों के DM समेत 12 IAS अधिकारियों के तबादले

इस मौके पर अपने सम्बोधन में सीडीओ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दीपावली मेला आज से यानि 28 अक्टूबर से प्रारंभ होकर दीपावली की पूर्व संध्या यानी तीन नवंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि जिले की तीन नगर पालिकाओं गोण्डा, नवाबगंज एवं कर्नलगंज में दीपावली मेले का भव्य आयोजन कराया जा रहा है। दीपावली मेले का आयोजन कर प्रदेश सरकार ने सभी रेहड़ी व पटरी दुकानदारों को रोजगार देने की योजना बनाई है। इसके तहत जिले में जहां एक ओर रेहड़ी तथा पटरी दुकानदारों को रोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार के मेले के आयोजन से प्रकाशोत्सव में चार चांद लग जाएगा। इस दौरान सीडीओ की धर्मपत्नी श्रीमती शैलजा उमराव, मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, पूर्व चेयरमैन कमरुद्दीन, पीओ डूडा विनोद सिंह, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा व अन्य अधिकारी तथा सम्भ्रान्त जन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : रविवार व राजपत्रित अवकाश के दिन नहीं होगी धान की खरीद
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
