जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के पूर्व रात्रि में सपा सरकार में मंत्री रहे व जिले के कर्नलगंज विधान सभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी योगेश प्रताप सिंह व उनके दो भाइयों समेत दर्जन भर लोगों के खिलाफ कथित रूप से एक महिला के घर में घुसकर मारपीट करने व उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का अभियोग स्थानीय थाने में दर्ज कराया गया है। प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
आधिकारिक सूत्रों रविवार को बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने शनिवार की रात कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, उनके भाइयां व समर्थकों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने तथा दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, शनिवार की देर शाम वह अपने घर में खाना बनाकर बैठी थी, उसी समय भंभुआ निवासी योगेश प्रताप सिंह अपने सगे भाइयों चंद्रेश प्रताप सिंह व कामेश प्रताप सिंह तथा समर्थकों लव सिंह, कुश सिंह, विक्की सिंह, दलजीत यादव, अमरजीत यादव, मनोज यादव, सोनू, जाहिद हुसैन व शिव कुमार जायसवाल आदि के साथ उसके घर पर आ गए। घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की तथा भीड़ को उकसाकर तोड़फोड़ करवाया। विरोध करने पर परिजनों की भी पिटाई की। इसमें परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। कथित उपद्रवियों ने फायरिंग भी की। उपद्रवी महिला से सोने की चेन भी छीन ले गए। शिकायत के अनुसार, उपद्रवी महिला से कह रहे थे कि उसे भाजपा को वोट देना बहुत महंगा पड़ेगा। घर पर आए उपद्रवी उसे खेत में उठा ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। इस शिकायत पर रात में काफी देर तक कोतवाली में हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद देर रात सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। सपा प्रत्याशी और समर्थकों के घर पर नजर रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। भाजपा प्रत्याशी को सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
कलमकारों से अनुरोध..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
