गोंडा (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का आकस्मिक निधन राष्ट्रवादी विचारधारा, संगठन तथा प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन आदर्शों एवं एक विचारधारा के लिए समर्पित रहा। संगठन के एक समर्पित कार्यकर्ता से लेकर सांसद तक कि उनकी पूरी जीवन यात्रा रचनात्मकता की जीवन कथा है। स्वर्गीय श्री सिंह की पत्नी सरोज रानी सिंह ने उनके साथ मिलकर भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह ने पूर्व सांसद के तेरहवीं संस्कार में उनके चित्र पर फूल माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि देते हुए कही। मुख्यालय के बड़गांव पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित उनके आवास पर सुबह से ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आने का सिलसिला शुरू हो गया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री सिंह के चित्र पर फूल माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा की सत्यदेव सिंह ने पूरे जीवन प्रदेश व देश की राष्ट्रवादी विचारधारा को जीवन भर मजबूत किया। उनका ना रहना एक बड़ी विचारधारा के लिए अपूरणीय क्षति है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि श्रद्धय सत्यदेव सिंह वास्तव में पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने जीवन पर्यंत छोटे से छोटे कार्यकर्ता की हमेशा चिंता की। वह जीवन भर राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति समर्पित रहे ।
