जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र में बीती रात हुए एक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर शवों का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के मुंडेरवा निवासी ननके प्रसाद पुत्र राम तीरथ अपने परिवार के 05 सदस्यों व आसपास के गांवो के करीब 30 लोगों के साथ पिकअप संख्या यूपी 40 एटी 1091 पर बैठकर गंगा स्नान करने हेतु प्रयागराज जा रहे थे। बताया जाता है कि बीती रात्रि करीब 12 बजे गोण्डा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर घाट पर चालक की लापरवाही के कारण पिकअप पानी से भरे गड्ढे में जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। परिणाम स्वरूप पिकअप में सवार 04 लोगों लल्लू (12) पुत्र कमलेश पासवान, हजारी लाल (50) पुत्र सूरत पासवान, संतदीन पाण्डेय (58) पुत्र इन्द्रपाल पाण्डेय तथा श्याम लाल (38) पुत्र केदार साहू निवासी गण ग्राम मुण्डेरवा ठाकुराइन थाना पयागपुर जनपद बहराइच की मौके पर ही मृत्यु हो गयी तथा 28 अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तरबगंज के एसडीएम कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी संसार सिंह राठी रात में ही मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज व नवाबगंज ले भेजवाया। वहां से गंभीर रूप से चार घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। सभी घायलों का उपचार चल रहा है। मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। एसपी ने बताया कि ननके प्रसाद की तहरीर पर वाहन चालक रिंकू मिश्रा पुत्र चन्द्रशेखर मिश्रा निवासी बेडा खैरीघाट जनपद बहराइच के विरुद्ध भादवि की धारा 279, 337, 338, 304ए व 184 एमवी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया तथा पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है।
