प्रभावित लोगों को वितरित किया राहत सामग्री, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
डीएम के निर्देश पर राजस्व, स्वास्थ्य व पशुपालन विभाग की टीमों ने संभाला मोर्चा
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। घाघरा, मनवर व कुआनो नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिसुही नदी में उल्टा प्रवाह के कारण इटियाथोक व रुपईडीह विकास खण्डों के लगभग 40 गांवों में जल प्लावन की स्थिति पैदा हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह के साथ सोमवार को डीएम मार्कण्डेय शाही तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने रुपईडीह के ग्राम गौनरिया व भोलाजोत में पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राशन किट व अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य व पशुपालन विभाग की टीमों ने भी गांवों में मोर्चा सम्हाल लिया है।
बताते चलें कि विगत दिनों हुई भारी बरसात के कारण बिसुही नदी का जलस्तर बढ़ने और केचमेंट का पानी आ जाने से नदी में उल्टा प्रवाह शुरू हो गया। परिणाम स्वरूप तहसील सदर के अंतर्गत विकास खंड इटियाथोक तथा रुपईडीह के लगभग 40 गांव जल मग्न हो गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए अधीक्षण अभियंता नहर पंच दशम त्रयंबक त्रिपाठी ने बताया है कि कुआनो और मनवर नदी का जलस्तर बढ़ने और बिसुही नदी में केचमेंट का पानी आ जाने के कारण नदी में उल्टा प्रवाह चालू हो गया जिसके कारण नदी का पानी कई गांव में घुस गया। उन्होंने बताया कि ब्लॉक इटियाथोक के पारा सराय, निरमापुर के मजरा अहिरन पुरवा, तेलियानी कानूनगो, हरैया झूमन में आंशिक जलमग्न की स्थिति उत्पन्न हुई है। इसी प्रकार विकास खंड रुपईडीह के मजरा अनंतपुर, असिधा, राजाजोत, भुडकुड़ी, कमडावा, भुलईडीह, भोलाजोत, गौनरिया और परसपुर ऐलहवा सहित लगभग 40 मजरे प्रभावित हुए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग की टीमों द्वारा निरीक्षण कर फसल व घरों को हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावितों को अनुमन्य योजना के तहत घर व मुआवजा राशि दिलाने का कार्य किया जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए रखने हेतु राजस्व टीमों को एलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही इमरजेंसी की स्थिति में नायब तहसीलदार सदर के मोबाइल नंबर 9454416071 व कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के नंबर 05262-230125 पर कॉल करके सूचना दी जा सकती है और मदद प्राप्त की जा सकती है। अधीक्षण अभियंता द्वारा बताया गया कि विगत 22 जुलाई से नहर बंद थी। 20 वर्ष बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि नदी का पानी स्वतः उल्टा नहर में आ रहा है। उन्होंने बताया ऐसा इसलिए है कि घाघरा, कुआनो और मनवर नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और पानी डिस्चार्ज नही हो पाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में स्थिति सामान्य हो जायेगी। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर सूरज पटेल, एसडीएम न्यायिक सदर कुलदीप सिंह सहित राजस्व, स्वास्थ्य, पूर्ति तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : राज्य में जल्द बिजली की नई दरें लागू करने पर हो रहा विचार
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
