जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। संभागीय परिवहन अधिकारी के कार्यालय प्रांगण में सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर मार्ल्यापण एवं दीप प्रज्वलन कर सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि का संभागीय परिवहन अधिकारी उमा शंकर यादव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशा) सुश्री बबिता वर्मा, संभागीय निरीक्षक संजय कुमार तथा उप्र संभागीय परिवहन कर्मचारी संघ के मण्डलीय सचिव व जिला महामंत्री अतुल कुमार मौर्य, अध्यक्ष यतेन्द्र कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया। एआरटीओ ने सीओ सदर लक्ष्मी कांत गौतम का भी पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में सुश्री बबिता वर्मा ने द्वितीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के कार्यक्रम का विस्तृत रूप रेखा प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी वालंटियरों का विशेष रूप से धन्यवाद किया कि वे आज से ही सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और दूसरों को इस नियम का पालन करने हेतु जागरूक करें। उनके द्वारा सड़क सुरक्षा के विषय पर लोगों को काफी महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी और अपने अनुभव को जन मानस के बीच साझा किया गया। अन्त में ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ विषय पर शपथ दिलायी गयी। तत्पश्चात ई-रिक्शा एवं बाइक रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया जिसमें लगभग 100 लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया। सड़क सुरक्षा के नारे लिखी तख्ती लिए युवकों की रैली कार्यालय परिसर से अम्बेडकर चौराहे से होते हुए जनपद के विभिन्न मार्गों पर निकाली गयी। विधायक ने कार्यालय परिसर में उप्र शासन द्वारा मान्यता प्राप्त कामन सर्विस सेंटर (सीएचसी) का भी फीता काटकर शुभारम्भ किया। कामन सर्विस सेंटर (सीएचसी) के माध्यम से कार्यालय में आने वाले आवेदकों को ऑनलाइन सुविधा का लाभ प्राप्त हो सकेगा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। उपरोक्त उद्घाटन समारोह में श्री अभिनव प्रताप सिंह, यातायात निरीक्षक, लेखाकार सभाजीत त्रिपाठी, जीडी गुप्ता, आशुलिपिक अनिल देव शर्मा, लवकुश सिंह, मनोज मिश्रा, रमेश शुक्ला, सुशील भट्ट, प्रमोद कुमार सिंह आदि कर्मचारी गण एवं पत्रकार बन्धु आदि उपस्थित रहे।

सीओ ने लोगों को दिलाया संकल्प
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद में क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मीकांत गौतम व जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले शहरों, कस्बों एवं चौराहों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगो को जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने, दो पहिया/चार पहिया वाहनों पर हेल्मेट व सीट बेल्ट लगाकर चलने, दो पहिया वाहनों पर दो ही सवारी बैठकर चलने, हमेशा ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबधी प्रपत्रों को साथ रखने, यातायात के नियमों का पालन करने, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन को पास दिए जाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन पर बात न करने, तेज गति से वाहन न चलाने, गलत साइड से ओवरटेकिंग न करने, वाहन की नियमित जाँच तथा सर्विस कराने व पर्यावरण को प्रदूषित न करने इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया गया। सीओ सदर ने परिवहन विभाग की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में उपस्थित लोगों को संकल्प भी दिलाया गया।

यह भी पढ़ें : 33 पर गैंगरेप का केस, अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
