जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। स्थानीय स्वामी विवेकानंद इण्टर कालेज में प्रवक्ता व जिले के गौरा चौकी क्षेत्र के राघवपुर गांव के मूल निवासी डा. दिनेश कुमार शुक्ला की पुत्री प्रियंका शुक्ला ने लिंगुइस्टिक टेक्नालोजी (भाषाई प्रौद्योगिकी) विषय में शोध कार्य पूरा करके जिले का नाम रोशन किया है। उसकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा समेत अनेक लोगों ने बधाई दी है।
विवरण के अनुसार, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक और महात्मा गांधी अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय वर्धा से हिन्दी विषय में एमफिल करने के बाद प्रियंका ने वर्ष 2014 में नार्थ ईस्ट हिल यूनीवर्सिटी शिलांग (मेघालय) में पीएचडी के लिए नामांकन कराया। विभागाध्यक्ष डा. शैलेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में प्रियंका ने ‘लिंगुइस्टिक लैंडस्केपिंग इन इंडियन मेट्रो सिटीज : ए काम्प्रेटिव स्टडी आफ अर्बन मल्टीलिंगुइस्टिज्म’ टापिक पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। प्रियंका के अनेक शोध पत्र देश-विदेश की पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होने के साथ ही वह अब तक अनेक कार्यशाला एवं सेमिनार में प्रतिभाग कर चुकी है। प्रियंका के उच्च शिक्षित परिवार पर क्षेत्रवासियों को गर्व है। प्रियंका की मां श्रीमती कृष्णा शुक्ला प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक व बड़ी बहन डा. चित्रांशी शुक्ला बभनान महाविद्यालय में हिन्दी की प्राध्यापक है, जबकि उसके बड़े भाई प्रो. अरुणेश शुक्ला सम्प्रति आइएसईसीटी यूनिवर्सिटी भोपाल में प्राध्यापक हैं। प्रियंका के इस सफलता पर जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुमार श्रीवास्तव, एलबीएस कालेज की प्राचार्य डा. वंदना सारस्वत, प्रधानाचार्य बृजेश द्विवेदी, हिन्दी विभागाध्यक्ष डा. शैलेन्द्र कुमार मिश्र आदि ने बधाई दी है।
