जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत कर्मियों द्वारा जारी संघर्ष के क्रम में सोमवार को गोण्डा में भी प्रदेश के दूसरे जनपदों की भांति संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत कर्मचारियों, अवर अभियंताओं और अभियंताओं द्वारा संयुक्त रूप से शांतिपूर्वक मशाल जुलूस निकाला गया। संघर्ष समिति के केंद्रीय संयोजक इं. शैलेन्द्र दुबे के आहवान पर जनपद गोण्डा में भी सभी विद्युत कर्मचारी, अवर अभियंता और अभियन्ताओं ने मंगलवार को दोपहर 02 बजे से 05 बजे तक भारी संख्या में एकत्रित होकर निजीकरण के विरोध में विरोध सभा किया। सभा को सम्बोधित करते हुए अधिशासी अभियंता इं. रणवीर सिंह ने मशाल जुलूस के सफलता की सभी को बधाई देते हुए संघर्ष जारी रखने की अपील की। सभा को सम्बोधित करते हुए इं. विपिन सिंह ने बताया कि जब तक सरकार पूर्वाचल वितरण निगम के निजीकरण के फैसले को वापस लेने का निर्णय नहीं लेती है, तब तक संयुक्त संघर्ष समिति के आंदोलन जारी रखेगी। इस क्रम में सभी विद्युत कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर और अभियंता प्रतिदिन दो से पांच बजे तक कार्य बहिष्कार कर विरोध करते हुए जनहित और कर्मचारी हित में बिजली के निजीकरण का विरोध करते रहेंगे। इसके बावजूद यदि सरकार हमारे इस शांतिपूर्ण आंदोलन का संज्ञान नहीं लेती है, तो हर स्तर के समीक्षा मीटिंग आदि का बहिष्कार होगा और अनिश्चित कालीन पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार का आंदोलन प्रारम्भ हो ही जायेगा। सभा को सम्बोधित करते हुए नीरज तिवारी ने सभी लोगों से एकता बनाये रखने की अपील करते हुए जेल भरो आंदोलन तक के लिए तैयार रहने को कहा। इनके अतिरिक्त इं. ओपी राम, इं. विपिन सिंह, इं. रामा जी, विजेंद्र सिंह, पीडी त्रिवेदी, तारकेश्वर गुप्ता, सतीश गुप्ता, इं. राघवेंद्र साहू, संजय सिंह, इं. एसके मौर्या, इं रितेश वर्मा आदि ने सम्बोधित किया। सभा में उदय राज, परमानंद पांडेय, इं सुनील श्रीवास्तव, इं पीयूष सिंह, ई केडी वर्मा, विजय बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।
