सतर्कता जांच में दोषी पाए गए कर्मचारी को दे रहे खुला संरक्षण
तबादला होने के ढ़ाई माह बाद भी आरोपी को नहीं किया है कार्यमुक्त
जानकी शरण द्विवेदी
लखनऊ। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व्यवस्था परिवर्तन के लिए शुचिता, पारदर्शिता और ईमानदारी की चाहे कितनी भी बात करें किन्तु बड़े पदों पर बैठे कुछ अधिकारी उनके इस मिशन को पलीता लगाने में जुटे हुए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के वरिष्ठ वाणिज्य मण्डल प्रबंधक, सतर्कता जांच में लाखों रुपए गबन के दोषी ठहराए गए कर्मचारी को प्रशासनिक आधार पर अन्यत्र तबादला होने के करीब ढ़ाई माह बाद भी उसे कार्यमुक्त नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह प्रकरण की जानकारी गोंडा के प्रशासनिक अधिकारी से करने के बाद इस मामले में कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें : पांच जिलों के SP समेत नौ IPS बदले
विवरण के अनुसार, गोंडा जंक्शन से सम्बद्ध रेलवे के दो मालगोदाम गोंडा कचहरी और सुभागपुर संचालित हो रहे हैं। सुभागपुर इस जंक्शन का मुख्य माल गोदाम है, जबकि गोंडा कचहरी उससे छोटा माल गोदाम है। इन दोनों माल गोदामों पर मालगाडियों पर माल की लोडिंग और अनलोडिंग का काम होता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यहां से अलग-अलग जगहों से सीमेंट, खाद, यूरिया, चावल, डीजल, पेट्रोल आदि की रैक आती है और खाद्यान्न इत्यादि बाहर भेजा जाता है। बताते हैं कि गोंडा कचहरी स्टेशन पर तैनात जिम्मेदार रेल कर्मचारियों ने बड़े अधिकारियों की मिलीभगत से विभाग को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। यहां आने वाली मालगाडियों की रैक के अनलोडिंग का समय समाप्त होने के बाद यहां तैनात जिम्मेदार कर्मचारियों ने व्यापारी से तो बढ़े समय का अतिरिक्त चार्ज वसूला, किन्तु अधिकांश मामलों में विभाग को इसकी सही जानकारी नहीं दी और पैसा डकार गए। कुछ मामलों में यदि जानकारी दिया भी, तो वास्तविक समय से कम समय बताया, जिससे व्यापारियों से वसूली गई रकम का कुछ अंश ही विभागीय खाते में जमा करना पड़े। इस प्रकार से लम्बे अर्से तक इस खेल के सहारे जिम्मेदारों द्वारा जहां अपने लिए मोटी रकम की अवैध कमाई की गई, वहीं दूसरी ओर रेलवे को लाखों रुपए राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया। गोंडा कचहरी रेलवे मालगोदाम के इस बड़े गड़बड़झाले की भनक जब पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को हुई तो उन्होंने सतर्कता जांच कराई, किन्तु सतर्कता विभाग के स्थानीय निरीक्षक भी उसमें संलिप्त हो गए और मामला ठण्डे बस्ते में चला गया। इसके बाद वरिष्ठ अफसरों की निगरानी में सर्तकता जांच के लिए दूसरी टीम गोंडा भेजी गई। इस टीम ने सम्बन्धित अभिलेखों को कब्जे में लेकर गहन जांच पड़ताल किया तो बड़े घोटाले की पुष्टि हुई।
यह भी पढ़ें : खाई में गिरी गाड़ी, एक ही गांव के चार लोगों की मौत
बताया जाता है कि करीब 15 लाख रुपए के घोटाले की पुष्टि होने पर यहां तैनात कई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। गोंडा कचहरी के परिचालन अनुभाग से जुड़े वाजिद अली व संतराम तथा सतर्कता अनुभाग गोरखपुर के निरीक्षक पीके सिंह और एसपी चन्द को भी जांच में दोषी ठहराया गया। परिणाम स्वरूप इन सभी को उनके वर्तमान पदों से हटा दिया गया, किन्तु घोटाले के मुख्य आरोपी माल अधीक्षक मलिक अनवर को दण्ड देने के नाम पर बड़े अधिकारियों की कृपा से तोहफा दे दिया गया और उसे गोंडा कचहरी से कहीं ज्यादा बड़े माल गोदाम सुभागपुर में तैनात कर दिया गया। बाद में इसकी शिकायत होने पर फरवरी 2022 में उन्हें वहां से हटाकर गोंडा जंक्शन पर तैनात किए जाने का आदेश जारी किया गया, किन्तु साम-दाम के बदौलत वह अब भी अपने पद पर बना हुआ है। अधिकारियों द्वारा इस आदेश का अनुपालन अब तक नहीं कराया जा सका है। बताया जाता है कि विभागीय उच्च अधिकारियों का चहेता होने के कारण यह आदेश फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। इस सम्बंध में पूछे जाने पर वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक एपी सिंह ने कहा कि इस सम्बंध में गोंडा के प्रशासनिक अधिकारी से बात करके कार्रवाई कराएंगे। गोंडा के क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह अभी बाहर हैं। सम्बंधित कर्मचारी के तबादला आदेश के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यह कार्य मण्डलीय कार्यालय से ही होता है। उच्च अधिकारियां द्वारा जारी आदेश का अनुपालन कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें : ट्रक-ऑटो की भिड़ंत में पांच की मौत, पांच जख्मी
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
