जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिला पुलिस ने बीमा उपभोक्ताओं को समय से पूर्व किश्त जमा करने पर भारी छूट का प्रलोभन देकर फर्जी खाते में पैसा जमा कराकर ठगी करने वाले एक अन्तरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके द्वारा करीब आधा दर्जन खातों में जमा कराए गए पांच लाख रुपए की रकम फ्रीज करा दी गई है, जबकि इनके द्वारा अब तक कई लाख रुपए विभिन्न स्रोतों से निकाले जा चुके हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। साथ ही सभी अभियुक्तों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए इनके द्वारा अर्जित की गई चल-अचल सम्पत्ति को भी जब्त किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए बताया कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया बडगांव, जनपद गोण्डा के शाखा प्रबंधक जसप्रीत सिंह ने बीते 11 मार्च 2022 को जिला पुलिस को सूचित किया था कि खाताधारक मोनू पुत्र सज्जन निवासी 23/112 जानकी नगर आवास विकास कालोनी, जनपद गोण्डा के नाम से बने आधार कार्ड संख्या 525070987470 द्वारा जनपद के कई बैंको में बचत खाता खोला गया है। साइबर पुलिस स्टेशन सेक्टर 4, डीएलएफ पीएच-5 आफिस गुड़गांव हरियाणा, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कोलकाता पश्चिम बंगाल व थाना प्रभारी चाणक्यपुरी नई दिल्ली से इन खातों में धोखाधडी से पैसों के लेनदेन की सूचना प्राप्त हुई है। जसप्रीत सिंह की इस सूचना पर थाना कोतवाली नगर में भादवि की धारा 419, 420 का अभियोग पंजीकृत कर मामले की छानबीन की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक, स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) तथा साइबर सेल को सौंपी गई। छानबीन के दौरान तीनों टीमों के संयुक्त प्रयास से मुकदमे से सम्बन्धित ठगी करने वाले गैंग के चार शातिर अभियुक्तों मोनू पुत्र सज्जन व सुमित अवस्थी पुत्र सुरजीत कुमार अवस्थी निवासी गण ग्राम भीख थाना जगतपुर जनपद रायबरेली तथा शिवम सिंह पुत्र बृजेश सिंह व दिनेश सिंह पुत्र अम्बर सिंह निवासी गण ग्राम पवारन पुरवा थाना डलमऊ जनपद रायबरेली (उप्र) को गिरफ्तार किया गया।
यह है इनके अपराध करने का तरीका
एसपी ने बताया कि इस शातिर गिरोह ने अपराध करने का बिल्कुल एक नया तरीका इजाद किया है। इसके तहत गिरोह के सदस्य देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर सामान्य लोगां को 20-25 हजार रुपये का लालच देकर उनसे मकान में किराए पर रहने का रेंट एग्रीमेन्ट कराते हैं और इसके सहारे वह वह पहले से बने आधार कार्डों में पता परिवर्तित करा लेते हैं। इसके बाद इन आधार कार्डों की मदद से भिन्न-भिन्न बैंकां में फर्जी नामों से खाता खोलकर संचालित करते हैं। पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य आनलाइन वेबसाइट से लाइफ इंश्योरेंस कम्पनियों के अभिकर्ताओं से वार्ता करके उनके बीमा उपभोक्ताओं का विवरण जैसे नाम, पता, मेल आईडी और सम्पर्क नम्बर आदि प्राप्त करते है। इसके बाद कॉल सेंटर में काम करने के अनुभवी हो चुके गिरोह के कुछ सदस्य बीमा उपभोक्ताओं से सम्पर्क कर खुद को बीमा कम्पनी का प्रतिनिधि बताकर समय से पूर्व किश्त जमा करने पर उन्हें भारी छूट का लालच देते हैं। समय से पहले किश्त जमा कर देने पर छूट पाने की लालच में बीमा उपभोक्ता उनके बताए गए बैंक खातों में आनलाइन पैसा जमा कर देता है और फिर गिरोह के सदस्य एटीएम, पेट्रेल पम्प आदि के माध्यम से खातों से पैसा निकाल लेते हैं। पूछताछ में पता चला है कि इस गिरोह द्वारा वर्ष 2019 से अब तक जनपद बर्द्धमान पश्चिम बंगाल, चाणक्यपुरी नई दिल्ली समेत देश के कई अन्य राज्यों से बीमा के नाम पर लगभग तीन करोड़ रुपए की ठगी की जा चुकी है।
एसपी की जनपद वासियों से अपील
एसपी ने बताया कि साक्ष्य के आधार पर मुकदमे में भादवि की धारा 467, 468, 471, 417, 406, 120बी की बढोत्तरी की गयी है। घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के निर्देश इसी टीम को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस टीम में एक दर्जन से अधिक सदस्य शामिल होने का पता चला है। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के अन्तर्गत कार्यवाही किए जाने का भी निर्देश क्षेत्राधिकारी सदर को दिया गया है। एसपी ने आम जनमानस से अपील की गई है कि कोई भी बीमा अभिकर्ता अथवा आम जनमानस किसी अपरिचित व्यक्ति के फोन कॉल पर अपनी व्यक्तिगत सूचनाएं साझा न करें। उन्होंने कहा कि जनपद में साइबर ठगी करने का दुस्साहस करने वाले अभियुक्तों के खिलाफ गोण्डा पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्साह वर्द्धन हेतु पुलिस टीम को 25 हजार रुपए से पुरस्कृत किया गया।
इन बैंक खातों में मंगाई गई धनराशि
केनरा बैंक खाता संख्या 110032400092 में 1609295.75 रुपए।
इण्डियन ओवरसीज बैंक खाता संख्या 267601000003782 में 900006 रुपए।
पीएनबी खाता संख्या-1864000109654387 में 220459 रुपए।
आन्ध्रा बैंक खाता संख्या 202712010000278 में 92816 रुपए।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाता संख्या 25052667740 में 23203 रुपए।
सेन्ट्रल बैंक खाता संख्या 189664142 में 2000 रुपए।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
