संवाददाता
कर्नलगंज, गोण्डा। उत्तर प्रदेश की सत्ता सम्भालने के बाद भ्रष्टाचारियों एवं रिश्वतखोरों पर नकेल कसने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कठोर कदम उठाने के दावे भले ही कर रहें हों, लेकिन कर्नलगंज तहसील में तैनात लेखपालों पर इसका कोई भय नहीं दिख रहा है। उसी का नतीजा है कि कर्नलगंज तहसील में कार्यरत लेखपाल संघ के अध्यक्ष बसन्त लाल ने पिपरी मांझा कटरा बाजार निवासी निर्भयराम से कथित रूप से 90 हजार रुपये रिश्वत लेने के बाद भी काम नहीं किया। इतना ही नहीं, बल्कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। सब तरफ से निराश होकर पीड़ित निर्भय राम ने विधानसभा के सामने आत्मदाह की कोशिश की और इसी दौरान मामले में लेखपाल के रिश्वत लेने का एक वीडियो भी वायरल हुआ। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। लेकिन इतने पर भी लेखपाल की मुसीबत थमी नहीं। अन्ततः भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा तथा जान से मारने की धमकी देने का मुक़दमा भी दर्ज करा दिया गया है। बताते हैं कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लेखपाल पुलिस के भय से भूमिगत है। रिपोर्ट लिखे जाने के बाद अब यह सवाल चर्चा में है कि आरोपी लेखपाल कर्नलगंज तहसील संघ का अध्यक्ष है। ऐसे में क्या उसकी गिरफ्तारी हो पायेगी? फिलहाल मुकदमे की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है। पीड़ित को उम्मीद है कि उसे न्याय जरूर मिलेगा। क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय का कहना है कि माननीय न्यायालय के निर्देशों को दृष्टिगत रखते हुए विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
यह भी पढ़ें : पुलिस के आला अफसरों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
