महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है योजना का उद्देश्य : पूनम द्विवेदी
जिले में अब तक 66 हजार 747 महिलाओं को मिल चुका है इस योजना का लाभ
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार द्विवेदी की पत्नी व ब्लॉक प्रमुख पूनम द्विवेदी ने बुधवार को सीएचसी इटियाथोक में फीता काटकर सात दिनों तक चलने वाले मातृ वंदना सप्ताह उत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ने गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं एवं बच्चों समेत क्षेत्र की आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराने का भरोसा दिलाया। स्वास्थ विभाग की टीम द्वारा वहां उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि प्रथम बार गर्भवती होने वाली व धात्री महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य, देखभाल और पोषण के लिए पूरे देश में यह योजना चलाई जा रही है। इस योजना को गति प्रदान के लिए एक से सात सितम्बर तक मातृ वंदना सप्ताह मनाया जाएगा। इस सप्ताह को एक उत्सव के रूप में मनाने की योजना है, जिसके तहत सप्ताह के हर दिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उत्सव के रूप में मातृ वंदना सप्ताह मनाकर क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं खासकर प्रथम बार माँ बनने वाली महिलाओं को एवं धात्री माताओं को स्वास्थ संबंधित जानकारी दी जाएगी। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण देखभाल पर जानकारी देते हुए डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि गर्भवती महिलाएं हरी सब्जी व पौष्टिक आहार का सेवन करें। उन्होंने बताया कि सीएचसी पर मां-बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं के लिए सेल्फी कार्नर बनाया गया है। गर्भवती व धात्री महिला को सामुदायिक सहयोग की दृष्टि से पंचायत स्तर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।
‘मातृ शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ इस बार की थीम :
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से योजना के प्रचार-प्रसार हेतु जागरुकता वाहन रैली निकाली गयी। सीएमओ डॉ. आर.एस. केसरी व एसीएमओ आरसीएच डॉ. एपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। इसके साथ ही सीएमओ कार्यालय में सेल्फी अभियान भी चलाया गया। इस मौके पर डॉ. आर.एस. केसरी ने बताया कि हर साल मनाये जाने वाले इस सप्ताह की इस बार की थीम ‘मातृ शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ निर्धारित की गयी है। इस बार इस सप्ताह के दौरान गर्भवती को कोविड टीकाकरण के प्रति विशेष तौर पर जागरूक करने की भी योजना है।
क्या है प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और इसके लाभ :
योजना के समन्वयक सुमित श्रीवास्तव ने बाताया कि वर्ष 2017 में शुरू हुई इस योजना के तहत जिले में साढ़े चार साल के दौरान 66 हजार 747 महिलाओं को योजना का लाभ दिलाया दिया गया है। योजना के तहत पंजीकरण के उपरांत लाभार्थी को कुल पांच हजार रुपये सही खानपान और देखभाल हेतु दिए जाते हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 1000 रुपये दिए जाते हैं। प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने और गर्भावस्था के छह माह बाद दूसरी किश्त के रूप में 2000 रुपये और बच्चे के जन्म का पंजीकरण होने और बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर धात्री महिला को तीसरी किश्त के रूप में 2000 रुपये दिए जाते हैं। वहीं कार्यक्रम सहायक विजय कांत शुक्ला ने कहा कि योजना के सभी भुगतान लाभार्थी महिला के बैंक खाते में ही किये जाते हैं। पीएम मातृत्व वंदना योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीयन हेतु पति का आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र होना जरुरी है। इसमें पति-पत्नी का बैंक एकाउंट ज्वाइंट नहीं होना चाहिए।

यह भी पढ़ें : डीएम के इस ऐलान से सरकार ने झाड़ा पल्ला!
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
