Saturday, April 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : बिजली बिल बाकीदारों को बड़ी राहत, सरचार्ज में 100...

Gonda News : बिजली बिल बाकीदारों को बड़ी राहत, सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बकाएदार किसानों, व्यापारियों और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सरचार्ज से शत-प्रतिशत छूट देने का निर्णय किया है। इस संबंध में पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की घोषणा की है। योजना पहली जून से 30 जून तक लागू रहेगी। उपभोक्ता अपने बकाये बिल का भुगतान उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन की वेबसाइट www.upenergy.in पर आनलाइन भी जमा कर सकेंगे। यह जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय इं. रणवीर सिंह ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना के तहत घरेलू विद्युत पंखा (एलमवी-1, समस्त विद्युतभार) व निजी नलकूप (एलएमवी-5, समस्त विद्युत भार), वाणिज्यिक उपभोक्ता (एलएमवी-2) के पांच किलोवाट भार तक के उपभोक्ताओं को सरचार्ज राशि पर 100 प्रतिशत की छूट दी गई है। साथ ही उपभोक्ताओं को एक लाख तक के बकाए पर अधिकतम छह किस्तों और एक लाख से अधिक बकाए पर उपभोक्ताओं को अधिकतम 12 किस्तों में भुगतान की सुविधा का विकल्प भी दिया गया है। योजना में सभी अर्ह उपभोक्ताओं को 30 अप्रैल तक उनके देय सरचार्ज में छूट मिलेगी। उपभोक्ता योजना अवधि में छूट के बाद देय धनराशि (30 अप्रैल 2022 तक का बकाया व वर्तमान बकाया) का सीधा भुगतान कलेक्शन काउंटर, विद्युत कार्यालय, जन सुविधा केंद्र व वेबसाइट पर आनलाइन भुगतान कर इस छूट का लाभ ले सकते हैं। उपभोक्ता उप्र पावर कार्पोरेशन की वेबसाइट पर जाकर योजना के तहत छूट के बाद देय बकाया राशि की जानकारी आनलाइन भी ले सकते हैं। बिल पर लिखा खाता संख्या फीड करते ही उपभोक्ता को समस्त विवरण यथा देय धनराशि, मूल बिल धनराशि, सरचार्ज में छूट, भुगतान के लिए राशि इत्यादि स्क्रीन पर दिखेगी। उन्होंने बताया कि यदि उपभोक्ता के बिल में संशोधन अपेक्षित है तो योजना अवधि में उप्र पावर कारपोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट पर जाकर स्वयं को रजिस्टर कर बिल संशोधन का अनुरोध दर्ज कर सकते हैं। उपभोक्ता स्वयं भी अपना संशोधित बिल वेबसाइट पर देख सकता है। इस योजना के तहत एक लाख तक के मूल बकाया धनराशि वाले एलएमवी-1, एलएमवी-5 व एलएमवी-2 श्रेणी के बकायेदार उपभोक्ताओं को 30 अप्रैल 2022 तक के अपने बकाए का भुगतान अगले माह के बिल के साथ अधिकतम 12 किस्तों में भी कर सकता है। योजना के तहत ऐसे नियमित बिजली उपभोक्ता भी अर्ह होंगे जिनके परिसर में चेकिंग के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर उनके विरुद्ध राजस्व निर्धारित कर बिल जारी किया गया है। इसी तरह स्थायी रूप से जिनका कनेक्शन नहीं है, बकायेदारों के प्रकरण और विवादित व विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामले भी समाधान के लिए मान्य होंगे।

Gonda News : बिजली बिल बाकीदारों को बड़ी राहत, सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट

यह भी पढें : CM की नाराजगी के बाद शिकायत निस्तारण पर अधिकारियों का फोकस

महत्वपूर्ण सूचना

गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555

जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com

RELATED ARTICLES

Most Popular