संवाददाता
गोण्डा। देश के प्रसिद्ध धर्मगुरू और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान महंत डॉ कुलपति त्रिपाठी रविवार को पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित सिंह के आवास विकास कालोनी स्थित निवास पर पहुंचे, जहां गोण्डा सदर से सपा प्रत्याशी रहे मंत्री पुत्र सूरज सिंह ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। स्वागत के समय काशी से महंत जी के साथ आए प्रकांड विद्वानों ने मंगल मंत्रोच्चार किया तथा शंखनाद किया। लोगों को सबोधित करते हुए महंत जी ने कहा कि मंत्री जी के परिवार से हमारा आत्मिक लगाव रहा है। इसलिए मैं कहना चाहता हूँ कि मंत्री जी पर बाबा विश्वनाथ जी की विशेष कृपा थी। आप सबकी जिम्मेदारी है कि सूरज सिंह के साथ आप सब सदैव खड़े रहें। सूरज सिंह मंत्री जी का बेटा है। हमारा बेटा है और बाबा विश्वनाथ जी का बेटा है। इसलिए आप सब से अपील है कि इस बार आप सब भी मेरे सूरज को आशीर्वाद देने का काम करें। इस अवसर पर महंत जी ने प्रदेश और देश की 3वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि भाजपा सरकार के कार्यो का जनकल्याण से कोई सरोकार नहीं है। ऐसे में जनता जनार्दन को चाहिए कि ऐसे लोगों को सबक सिखाएं और देश के साथ प्रदेश में एक जनप्रिय सरकार बनाने में सहयोग करें। सूरज सिंह के स्वागत से अभिभूत महंत जी सूरज सिंह को आशीर्वाद स्वरूप रुद्राक्ष का माला और बाबा विश्वनाथ की प्रतिमा सहित प्रसाद भी दिया। इस अवसर पर पंडित श्रीकांत द्विवेदी, सपा नेता राजेश दीक्षित, सीडीए अध्यक्ष राकेश सिंह, जितेंद्र नाथ सप्पू, दद्दू शुक्ला, विक्कू सिंह, शिव संपत सिंह, दीपू यादव, राम आशीष जायसवाल, सोमनाथ तिवारी, अंकित महाराज, विकास मोदनवाल, सिद्धार्थ मोनू, मतल्लू सिंह आदि सैकड़ों भक्त और आम जनमानस उपस्थित रहे।

