गैंग रेप का चौथा आरोपी भी पुलिस मुठभेड़ में जख्मी, हुआ गिरफ्तार
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। अगर आपके खिलाफ भी जिले के किसी थाने में अभियोग पंजीकृत है, तो तत्काल गले में तख्ती डालकर आत्म समर्पण कर दीजिए। अन्यथा एसपी संतोष कुमार मिश्र के निर्देशन में धुंआधार मुठभेड़ में जुटी गोण्डा पुलिस की गोली आपको भी लग सकती है। जी हां, यह बिल्कुल सत्य है। पिछले कुछ दिनों से जिला पुलिस ताबड़तोड़ मुठभेड़ करके गंभीर मुकदमों में वांछित आरोपियों को गोली मारकर ही गिरफ्तार कर रही है। जिसने भी पुलिस को चकमा देकर भागने कोशिश की, उसे गोली जरूर लगी।
हालिया घटना कोतवाली नगर थाना क्षेत्र की है। यहां पिछले दिनों एक दलित नाबालिग लड़की के साथ गैंग रेप की घटना हुई थी, जिसका अभियोग 30 मार्च 2022 को भादवि की धारा 376डी, 3(2)5 एससी एसटी एक्ट व 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया था। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने घटना को संज्ञान में लेते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 03 टीमें गठित किया था। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन दिन पूर्व अलग-अलग मुठभेड़ के दौरान मुकदमे के दो आरोपियों राजा पुत्र जाने व रिजवान पुत्र बिलाई को गिरफ्तार किया। उन दोनों को भी पैर में गोली लगी थी। इसके अगले दिन थाना कोतवाली नगर पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम अन्य आरोपियों के घर पर बुल्डोजर लेकर पहुंची और आरोपियों को संरक्षण व सहायता प्रदान करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की चेतावनी भी दी। इस घटना के बाद दहशत में आकर एक अन्य अभियुक्त इजराइल पुत्र यूसुफ ने गले में पुलिस से गोली न मारने का अनुरोध करते हुए तख्ती लटकाकर आत्म समर्पण कर दिया। पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, चौथे अभियुक्त महफूज पुत्र बब्बू निवासी बुधईपुरवा थाना कोतवाली नगर के गोड़वाघाट के पास होने की मुखबिर की सूचना पर बीती रात 23.40 बजे कोतवाली पुलिस व एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और महफ़ूज को रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर झांक दिया। पुलिस द्वारा आत्म रक्षार्थ किए गए फायर में महफ़ूज के पैर में गोली लग गई और उसे घेरकर पकड़ लिया गया। उसके पास से एक अदद अवैध तमंचा 12 बोर, एक अदद जिंदा कारतूस व एक अदद खोखा कारतूस बरामद हुआ है। महफ़ूज को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस प्रकार गैंग रेप की घटना से संबंधित सभी चार अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं। अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए हैं। चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। एसपी ने पुलिस टीम की इस उपलब्धि पर उत्साहवर्द्धन हेतु 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया है। गिरफ्तार कर्ता टीम में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह तथा एसओजी प्रभारी सुनील कुमार मय टीम शामिल रहे। इससे पूर्व जिले के दूसरे थाना क्षेत्रों में भी पुलिस इस प्रकार की कार्रवाई को अंजाम दे चुकी है।

इस सम्बंध में एसपी संतोष कुमार मिश्र का कहना है कि असली पुलिसिंग तो यही है कि अपराधियों में पुलिस और कानून का खौफ कायम हो तथा आम जनता में खाकी वर्दी के प्रति विश्वास जगे। सच्चाई तो यह है कि अब तक असली पुलिसिंग तो हम लोग कर ही नहीं पाते थे। छोटे-मोटे विवादों और कानून व्यवस्था में पुलिस को अपना अधिकांश समय खपाना पड़ता था। अब जाकर थोड़ी सी पुलिसिंग शुरू हुई है। हमारी टीम भी अहर्निश सेवामहे की भावना से तैयार है। जो भी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे पुलिस की गोली खाने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की विवेचना कर रहे क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मीकांत गौतम एक सप्ताह में विवेचना पूरी करके आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित करेंगे तथा अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ टीम का गठन किया जा रहा है, जो न्यायालय पर दिन-प्रतिदिन सुनवाई करवाकर एक माह के अंदर आरोपियों को सजा दिलवाने का काम करेगी।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
