जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने शुक्रवार की शाम राजधानी लखनऊ से गोंडा की तरफ आ रही एक कार से अंतर्जनपदीय सीमा पर जांच के दौरान 65 लाख रुपए नगद बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की सीमा पर बैरियर लगाकर आने जाने वाले वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इस क्रम में कर्नलगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक और उनकी टीम ने गोंडा लखनऊ राजमार्ग पर जनपदीय सीमा पर लगाए गए बैरियर पर आज शाम जांच के दौरान एक कार से 65 लाख रुपए नगद बरामद किया है। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार व्यक्तियों ने पूछताछ में बताया कि यह पैसा नेपाल सीमा के आसपास ले जाया जा रहा था, किंतु प्रारंभिक पूछताछ के दौरान इस पैसे के पारगमन का उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो सका है। एसपी के अनुसार, बरामद धनराशि को जिला कोषागार में जमा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बरामद धनराशि के बारे में आयकर विभाग को सूचना दी जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान जिला पुलिस द्वारा यह बड़ी बरामदगी है। बताते चलें कि गोंडा जनपद में आगामी 27 फरवरी को मतदान होना है।
