जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बभनान स्थित जमुनहा तिराहा निवासी एक व्यवसायी को रविवार को पूर्वान्ह अज्ञात बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर कथित रूप से अगवा कर लिया गया। इसके बाद उससे 20 लाख रुपये मांगे। जब व्यापारी रुपये देने के लिए तैयार हो गया, तो बदमाश उसके हाथ-पैर खोलकर उसे पड़ोसी जिले बस्ती के पैकोलिया थाना क्षेत्र के मझगवा गांव के पार उतारकर फरार हो गए। मुर्गी फार्म संचालक सील प्रकाश मोदनवाल ने बताया कि आज पूर्वान्ह दो-तीन लोग यह कहकर उसके दुकान पर आकर पास बैठ गए कि उन्हें बड़ा मुर्गी फार्म खोलना है। बातचीत चल रही थी कि उन्हीं में से एक ने पिस्टल निकालकर उसका मुंह बांध दिया और बोरे से ढककर अपनी गाड़ी में लाद लिया। उसने बताया कि रास्ते में बदमाशों ने उससे 20 लाख रुपए की मांग की और कहा कि अगर रुपया नहीं दोगे, तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। उसने बताया कि भय वश उसने शाम तक बदमाशों को 10 लाख रुपये देने की बात कही। तब बदमाशों ने उसका हाथ पैर खोला और रास्ते में उतार दिया। वहां से वह घर वालों को फोन करके बाइक से बभनान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी मनकापुर मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए हैं। इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी करके जांच पड़ताल शुरू कराई गई। कुछ घंटे बाद व्यापारी स्वयं वापस आ गया। उसे पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रदान की गई है। साथ ही उसके भतीजे की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर जांच की जा रही है। प्रकरण की जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।
कलमकारों से अनुरोध..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
