संवाददाता
गोण्डा। जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत धान खरीद के पंजीकरण हेतु कैंप लगाकर पंजीकरण कराने के संबंध में समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए है। जिलाधिकारी श्री शाही ने बताया कि खरीफ़ विपणन वर्ष 2021-22 में धान खरीद 01 नवंबर से प्रारंभ होगी परंतु आगामी धान खरीद हेतु कृषकों के पंजीकरण की समीक्षा में पाया गया कि पंजीकरण की स्थिति अत्यंत नगण्य है। तहसील तरबगंज में 66, मनकापुर में 22, गोंडा में 99 तथा तहसील करनैलगंज में 89 पंजीकरण सहित मात्र 276 कृषको के पंजीकरण हो सके हैं। जिलाधिकारी ने समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों को आदेशित किया है कि गत वर्ष 2020-21 में केंद्र पर जिन किसानों से धान क्रय किया गया है उन किसानों से दूरभाष पर संपर्क कर योजना के बारे में अवगत कराते हुए पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करें तथा उसका रजिस्टर बनाकर उसमें अंकन भी किया जाए। उन्होंने उच्चाधिकारियों के लिए निरीक्षण के दौरान मांगे जाने पर अवलोकन हेतु उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि अपने ब्लॉक गोदाम पर धान खरीद के पंजीकरण हेतु कैंप लगाते हुए अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं तथा गोदाम से सम्बद्ध उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराएं जिससे अधिक से अधिक पंजीकरण हो सके ताकि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि धान की खरीद शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं होंगी।
यह भी पढ़ें : राज्य लोक सेवा आयोग ने देवीपाटन मण्डल को दिखाया ठेंगा
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
