पूरे प्रकरण की विस्तार से जानकारी देने के लिए एसपी ने तीन बजे बुलाई प्रेस वार्ता
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के अन्तर्गत रमवापुर नायक गांव निवासी लापता दवा व्यवसायी लालमन विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके एक पड़ोसी दोस्त को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल कुछ अन्य आरोपियों के भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। व्यवसायी की कल देर शाम चौथे दिन गिरफ्तार आरोपी के मंडहे से लाश बरामद की गई थी।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के जोगी जोत चौराहे पर एक मेडिकल स्टोर चलाने वाला इटियाथोक थाना क्षेत्र का निवासी लाल मन सोमवार की रात दवाखाना बंद करके घर जाते समय लापता हो गया था। लाल मन के ही मोबाइल से उसी रात परिवार के पास आए फोन काल में बताया गया था कि उसका अपहरण कर लिया गया है और फिरौती के लिए चार लाख रुपए मांगे गए थे। उन्होंने बताया कि प्रकरण में अपहरण का अभियोग दर्ज कर युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पांच टीमों का गठन किया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) द्वारा बस्ती जिले की सर्विलांस यूनिट को भी मामले के खुलासे में लगाया गया था। एसपी ने गुरुवार को दोपहर बाद एक पोस्टर जारी करके लाल मन का हुलिया बताते हुए सर्व साधारण से अपील किया गया था कि यदि किसी को उपरोक्त व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी सूचना पोस्टर में दर्ज पुलिस अधिकारियों के नम्बरों पर दें। इसके बाद कल देर शाम लापता युवक का शव उसके पड़ोसी दोस्त नाथू लाल विश्वकर्मा के मंडहे में भूसे से बरामद किया गया था।
यह भी पढें : 38 लाख की चरस के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
एसपी के अनुसार, नाथू लाल को हिरासत में पूछताछ किए जाने पर उसने अपने कुछ अन्य सहयोगियों के साथ लाल मन की हत्या किए जाने की बात कारण के साथ कबूल किया। उसने बताया कि घटना के दिन सोमवार की शाम को उसने फोन करके लाल मन को शराब पीने हेतु बुलाया था। इसी दौरान मैने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को समय मिलने पर कहीं ठिकाने लगाने के उद्देश्य से अपने मडहे में ही रखे भूसे में छिपा दिया गया था। नाथूराम ने ही परिवार का करीबी व मृतक का दोस्त होने के कारण हत्या के उपरांत डायल 112 पर फोन करके पुलिस को गुमराह करने हेतु उसके अपहरण की सूचना दी थी। यहां तक कि लाल मन के परिजनों के साथ खोजबीन के दौरान भी हमेशा उसके साथ रहा, ताकि उस पर किसी को संदेह न हो सके। उन्होंने बताया कि इस घटना से संबंधित सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कुछ अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। साक्ष्य मिलते ही उन्हें भी गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
(घटना के कारणों तथा अन्य जरूरी मुद्दों पर विस्तृत जानकारी के लिए एसपी ने तीन बजे प्रेस वार्ता आहूत किया है। इस सम्बंध में विस्तृत खबर उसके बाद….)
यह भी पढें : CS एक्ट में जेल में निरुद्ध सगे भाइयों पर लगा गैंगस्टर
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
