जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। मण्डल कारागार से पेशी पर लाए गए एक विचाराधीन कैदी के आरक्षियों को चकमा देकर फरार हो जाने से हड़कम्प मच गया। घटना के सम्बंध में स्थानीय थाने पर अभियोग दर्ज कराया जा रहा है। मामले की जांच के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने आज यहां बताया कि थाना कोतवाली नगर के गायत्री पुरम कालोनी (निहाल पुरवा) निवासी श्याम कोरी पुत्र शंकर कोरी हत्या के एक मामले में वर्ष 2019 से मण्डल कारागार में निरुद्ध है। पेशी के लिए गुरुवार को पूर्वान्ह उसे कई अन्य कैदियों के साथ बंद गाड़ी से दीवानी न्यायालय परिसर स्थित सदर हवालात लाया गया था। यहां से दो आरक्षियों के साथ दो कैदियों को न्यायालय पर पेश करने के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि इन्द्रपाल नामक आरक्षी श्याम को अदालत पर पेश करने के लिए ले जा रहा था। रास्ते में एक हैण्ड पम्प के पास उसने पानी पीने की इच्छा व्यक्त की और इसी दौरान आरक्षी को चकमा देकर फरार हो गया। एएसपी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिले के सभी थानों तथा पड़ोसी जिलों के थानां की पुलिस को सतर्क करते हुए सघन जांच पड़ताल कराई जा रही है, किन्तु अब तक उसका कहीं पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि घटना के सम्बंध में स्थानीय थाने पर अभियोग दर्ज किया जा रहा है। दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम को जांच अधिकारी नामित किया गया है। एएसपी स्वयं मौके पर गए और पुलिस कर्मियों से पूछताछ कर जानकारी प्राप्त की। सूत्र बताते हैं कि आरक्षी इन्द्रपाल अभी कुछ माह पूर्व ही दो दशक से अधिक समय का निलम्बन काटकर बहाल हुआ था और अब एक बार पुनः कार्रवाई की जद में आ गया है। सीओ सिटी ने बताया कि पीला शर्ट व काला पैंट पहने फरार हुआ अभियुक्त काले रंग की यामाहा गाड़ी से अपने पिता के साथ कर्नलगंज की तरफ भागा है। वह नीले रंग का जूता व इसी रंग का जींस पहने है। बैगनी कलर का शर्ट, हाथ में गमछा तथा बाल छोटे हैं। उसके हाथ में रक्षा सूत्र बांधा हुआ है।
यह भी पढें : फिल्म ‘काली’ को लेकर विवाद गरमाया, ‘सत्य’ संस्था ने लिखाई E-FIR
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
