Friday, April 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : जेपी व प्रभावती के आंगन में बैठकर DM ने...

Gonda News : जेपी व प्रभावती के आंगन में बैठकर DM ने किया भूमि पूजन

कहा-पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो संझवल ग्राम का अमृत सरोवर

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने कहा है कि गोंडा और बलरामपुर जिले की सीमा पर लोकनायक जय प्रकाश नारायण और उनकी पत्नी प्रभावती देवी के नाम पर भारत रत्न नानाजी देशमुख द्वारा बसाए गए जयप्रभा ग्राम के बगल स्थित संझवल गांव सभा में बनने वाले अमृत सरोवर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सामूहिक प्रयास किए जाने की जरूरत है। वह गुरुवार को इटियाथोक विकास खण्ड के अन्तर्गत संझवल ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत करीब 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अमृत सरोवर के भूमि पूजन व शिलान्यास के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही। इससे पूर्व ब्लाक प्रमुख व क्षेत्रीय विधायक की धर्मपत्नी श्रीमती पूनम द्विवेदी व सीडीओ गौरव कुमार के साथ उन्होंने धुसवा पोखरा तालाब के जीर्णोद्धार के लिए वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन कर व नारियल तोड़कर कार्य का शुभारंभ किया।

Gonda News : जेपी व प्रभावती के आंगन में बैठकर DM ने किया भूमि पूजन

यह भी पढें : हाईटेक तकनीक के सहारे ‘योगी सरकार-चली जनता के द्वार’

जिलाधिकारी ने कहा कि गोंडा-बलरामपुर राजमार्ग पर होने के कारण इस अमृत सरोवर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण इसे देखने और इसके आसपास सुकून महसूस करने के लिए गोंडा और बलरामपुर दोनों जिलों के लोग यहां आना पसंद करेंगे। इसके लिए आवश्यक है कि एक अच्छे सरोवर की सभी विशेषताएं इसमें मौजूद हों। सरोवर का पानी बिल्कुल स्वच्छ हो। इसके लिए पानी का प्रवेश और निकास दोनों बिल्कुल स्पष्ट व सुचारु रूप से संचालित होना चाहिए। आसपास छायादार व फलदार वृक्षों का सघन पौधरोपण होना चाहिए, जिसकी छांव में आकर लोग सुकून महसूस कर सकें। यहां बैठने के लिए भी बेंच इत्यादि की व्यवस्था की जानी चाहिए। साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखे जाने की जरूरत है। डीएम ने कहा, ‘इसका विकास इस तर्ज पर हो कि लोग इसके नाम के अनुरूप शाम के समय मन बहलाने के लिए यहां आना चाहें।’ यहां खानपान के कुछ ठेले भी लगवाए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही पर्यटकों को कुछ खाने-पीने को भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य को करने के लिए ग्राम प्रधान के साथ ही पूरे ग्राम पंचायत के लोगों को अपनी जिम्मेदारी और भूमिका निभानी होगी। कोई भी अच्छा काम एक व्यक्ति के सहारे लम्बे समय तक नहीं किया जा सकता है। उसमें जब समाज का सहयोग मिलता है, तब वह और भी अच्छा हो जाता है।

यह भी पढें : पट्टा आबंटन में गड़बड़ झाला, DM से जांच की मांग

कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने भी सम्बोधित करते हुए कहा कि इसका विकास सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम इसकी रखवाली और देखरेख अपनी निजी सम्पत्ति की भांति करके एक उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यहां तालाब के चारों तरफ लाइट की व्यवस्था होगी। टाइल्स लगाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी, उपायुक्त स्वतः रोजगार एनवी सविता, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार संत कुमार, कार्यक्रम अधिकारी उमेश ओझा, खण्ड विकास अधिकारी आरएन भारती, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राजेश सोनी, थानाध्यक्ष खरगूपुर कुबेर तिवारी, ग्राम प्रधान दीप नरायन तिवारी, पंचायत सचिव सज्जाद खां समेत अनेक ग्रामीण, रोजगार सेवक, मनरेगा श्रमिक आदि उपस्थित रहे।

Gonda News : जेपी व प्रभावती के आंगन में बैठकर DM ने किया भूमि पूजन

यह भी पढें : बंसल के विदाई की तैयारी, जल्द मिलेगा नया संगठन महामंत्री

महत्वपूर्ण सूचना

जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555

जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com

RELATED ARTICLES

Most Popular