Wednesday, March 25, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News: जिला अस्पताल में बीते पांच वर्षो में हुए खरीद की...

Gonda News: जिला अस्पताल में बीते पांच वर्षो में हुए खरीद की होगी जांच

सड़कों का अनुरक्षण कार्य न करने वाली फर्में होंगी ब्लैकलिस्ट, ठेकेदारों पर होगी एफआईआर

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद बृजभूषण शरण सिंह का निर्देश

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिला अस्पताल में वर्ष 2017 से अब तक हुई सभी खरीद का एसआईटी के साथ ही जिला स्तरीय कमेटी से विशेष जांच कराई जाय तथा पहले से चल रही एसआईटी जांच में तेजी लाने हेतु प्रकरण शासन को संदर्भित किया जाय। सड़कों का अनुरक्षण न करने वाली फर्मों को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाय। यह निर्देश कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने जिला पंचायत सभागार में शनिवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास परक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा भी की।

यह भी पढ़ें : अपना चांसलर कैसे चुनता है जर्मनी

सांसद ने कहा कि अधिकारी विकास कार्यक्रमों को और अधिक गति के साथ क्रियान्वित करें तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें लाभान्वित करने का काम करें। बैठक में सरकार की योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध कार्यवाही करने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं शिकायतों को शीघ्रातिशीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सबसे पहले मनरेगा योजना की समीक्षा हुई जिसमें उन्होंने निर्देश दिए मनरेगा योजना के तहत सरकार की गाइड लाइन का विचलन किए बिना ग्राम पंचायतों के साथ ही क्षेत्र पंचायतों को भी अनुमन्य कार्य दिए जाएं। मनरेगा के तहत कराए गए कार्य का डाटा व फोटो अपलोडिंग के पोर्टल आंकड़े ठीक कराए जाएं। समीक्षा के दौरान उन्होंने पूछा कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में 392 कार्य, 2020-21 में 185 तथा वित्तीय वर्ष 2021-22 में मात्र 15 कार्य ही ब्लाकों से क्यों लिए गए। निर्देश दिए कि समानुपातिक रूप से सभी ब्लाकों में कार्य कराए जाएं। एनआएलएम की समीक्षा में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के गठन के लक्ष्य, उन्हें प्रशिक्षण व सीसीएल उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। कौशल विकास मिशन योजना के तहत गांधी इंटर कालेज रेलवे कालोनी में प्रशिक्षण हेतु आवासीय सुविधा की जांच कराने के आदेश दिए हैं।

यह भी पढ़ें : शिक्षकों के 51 हजार पद रिक्त, जल्द शुरू होगी बम्पर भर्ती

बैठक में जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने सड़कों के अनुरक्षण को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि सभी निर्माण खण्डों के अभियंता अनुरक्षण वाली खराब व गड्ढायुक्त सड़कों की सूची बना लें तथा बरसात खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चालू करा दें। जिलाधिकारी ने कहा कि गोण्डा से कटरा मार्ग पर चन्दवतपुर घाट पर पुल बनाए जाने हेतु प्रस्ताव शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए। पेंशन योजनाओं के तहत लम्बित सभी आवेदनों को अतिशीघ्र निस्तारित करने के आदेश दिए। पेयजल योजनाओं की समीक्षा में निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी 88 परियोजनाओं को तत्काल हैण्डओवर कराकर उनका संचालन चालू कराएं। फसल बीमा योजना की समीक्षा में निर्देश दिए कि किसानों को इस योजना के प्रति जागरूक किया जाय। गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा में बताया गया कि बजाज चीनी मिल कुन्दरुखी द्वारा 13 दिसम्बर 2020 तक की खरीद का भुगतान किया गया है तथा अभी किसानों का 200 करोड़ गन्ना मूल्य भुगतान हेतु शेष है। बीएसएनएल दूरसंचार कंपनी की खराब सेवा को दुरुस्त करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिए गए हैं। रेलवे विभाग की समीक्षा में विधायक मेहनौन द्वारा बताया गया कि इटियाथोक रेलवे स्टेशन के दोनों तरफ सड़क रेलवे विभाग की है और रेलवे विभाग द्वारा सड़क का मेंटीनेंस न कराने के कारण सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है। अध्यक्ष ने रेलवे के अधिकारी को तत्काल प्रस्ताव तैयार कराकर सड़क को ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बैठक में विद्युत परियोजनाओं, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी, आसरा आवासों का आवंटन कराने, शहर में नालों की सफाई कराने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने, सहित अन्य जनकल्याणकारी तथा विकासपरक योजनाओं की गहन समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शासन की मंशानुसार योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें : जायरीनों से भरी टैम्पो पल्टी, मां-बेटे समेत पांच की मौत

इस अवसर पर डीएम मार्कण्डेय शाही ने सदन को आश्वस्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मनरेगा, पेयजल, एनआरएलएम क्रेडिट लिंकेज व प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य अति महत्वपूर्ण योजनाओं के सम्बन्ध में समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के हाथों ही अनिवार्य रूप से कराएं। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, गौरा प्रभात वर्मा, तरबगंज प्रेम नारायण पाण्डेय, मेहनौन विनय द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, एडीएम राकेश सिंह, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, सांसद गोण्डा के प्रतिनिधि रमा शंकर मिश्र, सीएमओ डा. आरएस केसरी, सहित सभी ब्लाक प्रमुख व नगर निकायों के अध्यक्ष, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी उपस्थित रहे।

Gonda News: जिला अस्पताल में बीते पांच वर्षो में हुए खरीद की होगी जांच

यह भी पढ़ें : 3.50 करोड़ कीमत के गांजे सहित छह तस्कर गिरफ्तार

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular