कोरोना से एक ही परिवार के पांच मृतकों के बच्चों से मिले डीएम
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। शासन के निर्देश पर रविवार को जनपद के सभी 52 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया जिसमें जन सामान्य का स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई गईं। मेले की हकीकत देखने के लिए स्वयं डीएम मार्कण्डेय शाही ने सीएमओ डा. आरएस केसरी के साथ कई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर औचक पहुंचकर मेले का जायजा लिया। डीएम सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हरसिंहपुर बालपुर पहुंचे। वहां पर उपस्थिति पंजिका चेक किया गया तो 31 फील्ड वर्कर्स के सापेक्ष मात्र 08 कर्मी ही केन्द्र पर उपस्थित मिले। डीएम ने सभी गैरहाजिर कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकते हुए इस लापरवाही के सम्बन्ध में शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश सीएमओ को दिए। पीएचसी पर ईडीएल की लिस्ट भी बिल्कुल अपडेट नहीं की गई, इसके सम्बन्ध में वहां के एमओ से जवाब तलब किया गया है। पीएचसी का निरीक्षण करने के बाद बगल में ही बने जर्जर पंचायत भवन को देखकर डीएम ने वहीं से डीपीआरओ को फोन पर निर्देशित किया कि शाम पर पंचायत भवन परिसर की साफ-सफाई हो जाए और वे दो दिन बाद पंचायत भवन का पुनः निरीक्षण करने आएगें।
यह भी पढ़ें : डीएम साहब! इन बच्चों को कैसे मिलेगी छात्रवृत्ति? आप करें हस्तक्षेप
पीएचसी हरसिंह बालपुर का निरीक्षण करने के बाद डीएम कटरा बाजार अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पूरे बहोरी पहुंचे। वहां पर एमओ द्वारा दोपहर सवा 12 बजे तक 20 मरीज देखे गए थे। उपस्थिति चेक करने पर एमओ डा. तौफीक अली दो दिन से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। माइनर ओटी मे ताला लटका हुआ मिला। डीएम को फील्ड स्टाफ के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि पीएचसी पूरे बहोरी अन्तर्गत सभी एएनएम सेंटर व उपकेन्द्रों पर तैनात कर्मियों की लिस्ट उनकी कारगुजारी के साथ उपलब्ध कराई जाय।
इसके बाद डीएम ब्लाक कर्नलगंज अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चकरौत पहुंचे। वहां पर एमओ डा. कोमल राज उपस्थित मिलीं। फील्ड कर्मियों की उपस्थिति चेक करने पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर कलावती, आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीनाक्षी, राधा, वंदना सविता गैरहाजिर मिलीं। डीएम ने सभी अपुपिस्थत कर्मियों का वेतन/मानेदय रोकने के आदेश दिए हैं। वहीं परिसर में गन्दगी मिलने पर एमओ डा. कोमलराज का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : जब IPS वाले तेवर में दिखे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल
निरीक्षण के दौरान ही ग्रामीणों द्वारा डीएम से अनुरोध किया गया कि सम्पर्क मार्ग से पीएचसी तक खड़न्जा तथा पीएचसी व गांव में विद्युतीकरण कार्य करा दें। इस पर डीएम ने वहीं से एक्सईएन विद्युत को फोन कर निर्देशित किया कि सोमवार शाम तक सर्वे कराकर विद्युतीकरण का कार्य शुरू कराएं। एडीओ पंचायत को फेन पर निर्देशित किया कि मनरेगा कन्वर्जेन्स से खड़न्जा लगवाने का प्रस्ताव तत्काल तैयार कराकर कार्य शुरू कराएं। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत किया कि गांव का सफाईकर्मी राजेश कभी भी गांव में सफाई करने नहीं आता है। इस पर डीएम ने डीपीआरओ को सम्बन्धित सफाईकर्मी के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। पीएचसी का निरीक्षण करने के बाद डीएम चकरौत के की निवासी दिवंगत अश्वनी श्रीवास्तव के घर पहुंचे तथा उनके बच्चों से मुलाकात कर मुहैया कराई सरकारी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बताते चलें कोरोना संक्रमण के दौरान ग्राम चकरौत निवासी अश्वनी श्रीवास्तव सहित उनके घर के पांच लोगों की मृत्यु हो गई थी। डीएम ने अश्वनी श्रीवास्तव के पुत्र गौरव व बेटी अदिति से बात की तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को आदेश दिए कि वे स्वयं दिवंगत अश्वनी श्रीवास्तव के घर आकर रिपोर्ट तैयार कर लें तथा सरकार द्वारा जो भी अनुमन्य सुविधाएं हों, उन्हें तत्काल दिलाना सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें : अज्ञात बीमारी से दो की मौत, छह से अधिक बीमार
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
