Tuesday, March 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : छेड़खानी का विरोध किया तो दबंगों ने काट दिया...

Gonda News : छेड़खानी का विरोध किया तो दबंगों ने काट दिया हाथ

संवाददाता

गोण्डा। हाथरस और बलरामपुर समेत अन्य जिलों में बेटियों के साथ हुई वारदातों को लेकर गुस्सा अभी थमा भी नहीं है कि जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया है। दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने उसके चाचा का हाथ कुल्हाड़ी से काट डाला। दबंगों के वार में चाचा के सीने पर भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल चाचा को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। यह वारदात शुक्रवार रात की बताई जा रही है। घायल के भाई ने शनिवार को मीडिया को बताया कि शुक्रवार रात उसके भाई की 17 वर्षीय पुत्री गड्ढे में पानी फेंक रही थी। इसी दौरान गांव के दो दबंग युवक मौके पर पहुंच गए और छेड़छाड़ करने लगे। लड़की के शोर मचाने पर चाचा मौके पर पहुंचे तो दबंगों ने कुल्हाड़ी से उनके दाहिने हाथ और सीने पर वार किया, जिससे हाथ कट गया जबकि सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। पहले उन्हें बेलसर सीएचसी लाया गया जहां हालत गंभीर होने पर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
घायल के भाई के मुताबिक उसके भाई का दायां हाथ कटा है और सीने पर चोटें आई हैं। पीड़िता की तहरीर पर तरबगंज थाने की पुलिस ने छेड़खानी, धारदार हथियार से हमला, धमकी और अपशब्द कहने की धाराओं में दो आरोपियों मोहित पुत्र रामरंग और जयदीप पुत्र रांग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ इन्द्रजीत यादव ने बताया कि पीड़िता को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए भेजा गया था लेकिन शनिवार को बयान नहीं हो सका। दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। एसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जो भी दोषी होंगे, बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रकरण की जांच के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। पीड़िता और परिवार को पूरा न्याय दिलाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular