Tuesday, March 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : छह साल के बच्चे का अपहरण, चार करोड़ की...

Gonda News : छह साल के बच्चे का अपहरण, चार करोड़ की फिरौती मांगी

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले के कर्नलगंज कस्बे में भी आज दोपहर बाद एक व्यवसायी के छह वर्षीय पुत्र का अपहरण कर फोन पर परिजनों से चार करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। घटना के बाद से जिले से बाहर जाने वाले सभी मार्गों को सील करके गहन जांच की जा रही है। जिला पुलिस की सर्विलांस और एसओजी की टीमें अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करने में जुटी हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मोहल्ला गाड़ी बाजार निवासी गुटखा मसाला के एक बड़े व्यापारी राजेश कुमार गुप्ता के छह वर्षीय पौत्र का अल्टो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बताया जाता है कि शुक्रवार को दोपहर बाद गले में स्वास्थ्य विभाग का परिचय पत्र टांग कर कुछ लोग मोहल्ले में मास्क का वितरण करने के बहाने से आए और मास्क वितरित करते हुए लोगों का नाम एक कागज पर लिखा। कोरोना के कारण मोहल्ले को सेनिटाइजेशन कराने व सेनिटाइजर का वितरण करने का झांसा भी दिया। बताया जाता है कि वे राजेश गुप्ता के छह वर्षीय पौत्र को थोड़ी दूर पर खड़ी गाड़ी से सेनिटाइजर देने के बहाने उसे अपने साथ ले गए और बाद में बच्चे को लेकर गाड़ी से फरार हो गए। थोड़ी देर बाद एक महिला की आवाज में फोन करके चार करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, मोहल्ले में आई बदमाशों की टीम में कोई महिला शामिल नहीं थी, मगर फिरौती के लिए फोन एक महिला के आवाज में किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कर्नलगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी कृपा शंकर कनौजिया, प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह समेत अनेक पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी प्राप्त की। पुलिस की कई टीमें नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालने में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार ने बताया कि बच्चे के पिता हरी गुप्ता की तहरीर पर स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कर पुलिस की कई टीमें छानबीन में लगी हैं। सर्विलांस की मदद से अपहर्ताओं की तलाश की जा रही है। उम्मीद है कि रात तक अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर बच्चे की सकुशल बरामदगी कर ली जाएगी।

Gonda News : छह साल के बच्चे का अपहरण, चार करोड़ की फिरौती मांगी
Gonda News : छह साल के बच्चे का अपहरण, चार करोड़ की फिरौती मांगी
RELATED ARTICLES

Most Popular