प्रेम नारायण मिश्र
धानेपुर, गोण्डा। स्थानीय थाना क्षेत्र के बाबागंज निवासी गल्ला व्यवसाई अनिल पुत्र ओम प्रकाश की बीते दिनों थाना कोतवाली नगर अंतर्गत सेनी गुमटी के पास लाश मिली थी। इस पर परिजनों ने धानेपुर पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की थी। बुधवार को बाबागंज कस्बे में शव को मुख्य मार्ग पर रखकर बाजार वासियों ने प्रदर्शन करते हुए मुकदमा लिखे जाने व आरोपियां की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पाकर पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला व जगराम पासवान भी अपने सहयोगियों अखिलेश पांडेय आदि के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मुकदमा लिखे जाने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामला तूल पकड़ते देख क्षेत्राधिकारी मनकापुर राम भवन यादव, प्रभारी निरीक्षक मोतीगंज कन्हई प्रसाद व थानाध्यक्ष धानेपुर संतोष कुमार तिवारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को सम्हाला। क्षेत्राधिकारी के आश्वासन पर किसी तरह परिजन शव को लेकर शमशान घाट पर ले गए।
