मिनिस्ट्रीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। सरकारी सेवा में नियमों का पालन लाजमी और अपेक्षित होता है। कुर्सी पर बैठे व्यक्ति के समक्ष फरियाद लेकर पहुंचने वाले के लिए कम्पैशन (दया भाव) होना चाहिए। तुलना करें कि सामने वाले की जगह यदि मैं होता तो मेरी क्या अपेक्षा होती। कल हम भी सेवानिवृत्त होंगे, यह बात भूल जाते हैं। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने शनिवार की शाम जिला पंचायत सभागार में आयोजित उप्र मिनिस्ट्रीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण तथा दो कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति अवसर पर आयोजित विदाई समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए यह बात कही।
डीएम ने कहा कि विभागीय मुखिया के रूप में मेरे समक्ष अनेक ऐसे प्रकरण आते हैं, जो इसी संवर्ग द्वारा अनपेक्षित आपत्तियां लगाकर प्रकरण निस्तारित न किए जाने को लेकर होता है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट संवर्ग में अब पहले जैसी मेधा नहीं दिख रही है। पहले के नोट शीट में अधिकारी को कामा, फुल स्टाप देखने की जरूरत नहीं पड़ती थी, किन्तु अब ऐसा नहीं है। उन्होंने जिला पंचायत सभागार में लगाए गए फ्लैक्स पर लिखे अपने गलत नाम की तरफ इशारा करते हुए कहा कि दो जनवरी को कार्यभार ग्रहण करने के इतने दिनों बाद भी कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ मेरा नाम भी ठीक से नहीं लिख पाता है। वरिष्ठ या तो कनिष्ठों को प्रशिक्षित नहीं करना चाहते अथवा कनिष्ठ खुद ही दीक्षित नहीं होना चाहते। उन्होंने कहा कि पत्रावलियों पर एक बहुत ही गलत टिप्पणी लिखकर प्रस्तुत करने की परम्परा शुरू हो गई है, ‘ऊपर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में …. निर्णय लेना चाहें।’ डीएम ने कहा कि मिनिस्ट्रीरियल स्टाफ से यह टिप्पणी अपेक्षित नहीं है। पहले ऐसा नहीं था। आप नियमों के परिप्रेक्ष्य में परीक्षण करते हुए बेबाक टिप्पणी लिख दें कि नियमों के अनुरूप यह कार्य हो सकता है अथवा नहीं। संभव हो तो उसका विकल्प भी लिख दें। उन्होंने कहा कि पत्रावलियां के रखरखाव की स्थिति भी काफी लचर है। नोट शीट ठीक से न बनने के साथ ही पेज नम्बर भी नहीं डाला जाता है। डीएम ने कहा कि अभी भी कुछ निदेशालयों में नोटिंग व ड्राफ्टिंग की उत्कृष्ट परम्परा बरकरार है। कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ सहायक अपने कनिष्ठ का मार्गदर्शन करने का बीड़ा उठाएं तथा कोशिश करें कि कोई भी पीयूसी उनके पटल पर तीन दिन से ज्यादा लम्बित न रहे। उन्होंने संगठन की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह टीम नई कार्य संस्कृति कायम करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कर्मचारियों से सम्बंधित कोई पत्रावली यदि उनके स्वयं के स्तर पर लम्बित नहीं रखी जाएगी तो मेरे समक्ष आने पर निर्णय लेने में विलम्ब नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : रमाकांत पांडेय बने चीनी मिल संघ के एमडी

बताते चलें कि डीएम के स्वागत भाषण में नव नियुक्त अध्यक्ष मनमोहन अरोरा ने कहा कि उनके लिए यह पद दोधारी तलवार पर चलने के समान है। उनके समक्ष एक तरफ कुंआ और दूसरी तरफ खांई है। वह किसी भी मामले में जिलाधिकारी के खिलाफ जा नहीं सकते किन्तु साथ ही उन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए भी अपने पदीय दायित्वों से विमुख नहीं हो सकते, जिसे बड़ी आशा और विश्वास के साथ लोगों ने उन्हें सौंपा है। अरोरा ने कहा था कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार की मुलाकात को डीएम साहब नेतागीरी नहीं समझेंगे। उसे मेरी जिम्मेदारी समझकर समुचित मार्गदर्शन और निदान प्रदान करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई शपथ
उप्र मिनिस्ट्रीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों मनमोहन अरोरा-अध्यक्ष, प्रदीप श्रीवास्तव-वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संदीप कुमार तिवारी-मंत्री, राकेश पाण्डेय-संयुक्त मंत्री, ओम हरि कृष्ण यादव-संगठन मंत्री, अजय कुमार दूबे-कोषाध्यक्ष तथा रितेश कुमार मिश्र-संघ संचालक को शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि रितेश मिश्रा को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए संघ संचालक बनाया गया है।

सेवानिवृत्ति पर दी गई विदाई
कलेक्ट्रेट संवर्ग के दो कर्मचारियों शशि कुमार श्रीवास्तव तथा राम रियासत के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को इसी क्रार्यक्रम के दौरान उन्हें भी विदाई दी गई। जिलाधिकारी तथा प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तरीय देकर उनका स्वागत किया तथा उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। डीएम ने उनके देयकों से सम्बंधित भुगतान भी उन्हें प्रदान किया। इस मौके पर अपर जिला मजिस्ट्रेट राकेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती वंदना त्रिवेदी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल, अपर उपजिलाधिकारी महेन्द्र कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीना नाथ त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष गण केके मिश्र, बिंदेश्वरी प्रसाद दूबे, माधव राज मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष सलाहकार व भाजपा नेता महेंद्र सिंह, फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि प्रकाश पाण्डेय, विवेक मणि श्रीवास्तव, मनोज सिंह एडवोकेट, कर्मचारी नेता का. सत्य नारायण त्रिपाठी, राम रंग चौबे, सत्य प्रकाश सिंह, लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राम बहादुर पाण्डेय, संग्रह अमीन संघ के जिलाध्यक्ष इन्द्र पाल तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी मो. नईम, सूर्य नाथ श्रीवास्तव समेत अनेक अधिवक्ता व कलेक्ट्रेट तथा तहसील के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वस्ति वाचन शिवाकांत त्रिपाठी व संचालन सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता माता प्रसाद शुक्ल ने किया।


हमारी अन्य खबरों को पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
