जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा में कवायद शुरू हो गई है। पार्टी नेतृत्व ने विधायकों का रिपोर्ट कार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। इसे लेकर तरह-तरह से संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। विधायकों से लेकर मंत्रियों तक यह संदेश पहुंचने लगा है कि कोई भी अपना टिकट पक्का न समझे। मानक पर खरा न पाए जाने पर पार्टी किसी का टिकट काट सकती है और उन स्थानों पर नया प्रत्याशी उतार सकती है। गोण्डा जिले में चार विधायकों के टिकट कटने के संकेत मिलने लगे हैं। इनमें एक को तो अधिवर्षता आयु पूर्ण किए जाने के कारण सेवानिवृत्त किए जाने की चर्चा है।
सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के जनपद आगमन के अवसर पर सभी विधायकों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया था। साढ़े चार साल से ऐरावत की चाल से चल रहे कुछ विधायक पार्टी के इस निर्देश पर सक्रिय हुए और भीड़ जुटाने के लिए हर तरीके अपनाए। इस कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखकर कैसरगंज से पार्टी सांसद बृजभूषण सिंह ने तो यहां तक कह दिया कि यह मुख्यमंत्री की जिले में अब तक की सबसे बड़ी जनसभा है। जानकार बताते हैं कि भाजपा नेतृत्व बैठकों के जरिए विधायकों तक यह संदेश पहुंचा रहा है कि कोई भी इस गलतफहमी में न रहे कि पार्टी से स्वतंत्र उसकी कोई सत्ता है। पार्टी के बैनर पर ही पिछले चुनाव या उससे पहले उन्हें जीत मिली थी और आगे भी ऐसा ही होने वाला है। ऐसे में पार्टी जिसे उचित समझेगी, उस पर टिकट को लेकर भरोसा जताएगी। जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इनमें गौरा, मेहनौन, तरबगंज और गोण्डा सदर ऐसी सीटें हैं, जहां के विधायक 2017 में पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। मनकापुर, कटरा बाजार और कर्नलगंज के विधायक पहले भी विधानसभा पहुंच चुके हैं। पार्टी सभी सातों विधायकों के रिपोर्ट कार्ड तैयार करा रही है। साथ ही बीते साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा तथा क्षेत्र के मतदाताओं के मध्य उनकी पकड़ और उपस्थिति का भी लेखा जोखा तैयार हो रहा है। पार्टी विरोधी गतिविधियों की जानकारी के लिए स्थानीय नेताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। संगठनात्मक बैठकों में भी इसकी सुगबुगाहट दिखने लगी है। विधायकों द्वारा क्षेत्र में जनसम्पर्क तेज किया जाना, उनकी बेचैनी और लखनऊ तक अति सक्रियता पार्टी सूत्रों से मिली इस खबर पर मुहर लगा रही है। एक नए और तीन पुराने विधायकों का टिकट कटने की चर्चा है। एक विधायक तो अपनी उम्र के कारण रिटायर किए जा रहे हैं, जबकि दो का पत्ता एंटी इंकम्बेंसी के कारण साफ हो सकता है। तीसरे विधायक तो दशहरा के नीलकण्ठ हैं। मतदाताओं के मध्य उनका दर्शन ही शुभ माना जाता है। चर्चा है कि इस बार उनके बजाय परिवार के किसी अन्य सदस्य को दिया जा सकता है। हालांकि एक अन्य विधायक का क्षेत्र बदले जाने की चर्चा भी दबी जुबान से हो रही है। एक विधान सभा में तो टिकट के दावेदार की 17 साल बाद घर वापसी की भी चर्चा है। कुछ विधायकों का टिकट कटने की चर्चा के बीच उन क्षेत्रों में जातीय और सामाजिक समीकरण में खुद को फिट साबित करते हुए विधायकों के प्रतिद्वंद्वियों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वह क्षेत्र से लेकर पार्टी नेतृत्व तक दौड़ लगाते देखे जा रहे हैं। संघ के चौखट पर मत्था टेकने का सिलसिला भी खूब चल रहा है।
यह भी पढ़ें : ‘प्रगति’ के बाद एक बार फिर रिकार्ड बनाने की ओर अग्रसर हैं IAS आशुतोष निरंजन
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
