महंतों ने की श्रद्धालुओं से अपने-अपने घरों में रहकर पूजा-अर्चना करने की अपील
नदियों के घाटों पर भी रहेगा पुलिस का पहरा, किसी को नहीं होगी जल भरने की अनुमति
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। आगामी नौ सितंबर को पड़ रही कजरी तीज पर्व के अवसर पर कोविड-19 संक्रमण के चलते इस वर्ष भी शिवालयों में जलाभिषेक नहीं होगा। इसको लेकर डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पृथ्वीनाथ मन्दिर व दुःखहरण नाथ मन्दिर के महंत तथा जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों के महंतो के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से कजरी तीज के अवसर पर जनपद के समस्त शिवालयों पर जलाभिषेक पूरी तरह प्रतिबन्धित रखने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर पृथ्वी नाथ मन्दिर व दुखहरण नाथ मन्दिर के महंत ने अपील करते हुए कहा कि चूंकि कोविड-19 की तीसरी लहर की प्रबल संभावना सितंबर व अक्टूबर माह में व्यक्त की गई तथा तीसरी लहर में बच्चों के ज्यादा प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है। देश के विभिन्न हिस्सों में वर्तमान में कोरोना के केसेज भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी कजरी तीज पर्व के अवसर पर शिवालय पूरी तरह से बन्द रहेगें तथा किसी भी दशा में जलाभिषेक नहीं होगा। उन्होंनें श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों में रहकर पूजा-अर्चना करें।
यह भी पढ़ें : ड्रेस को लेकर छात्राओं से प्रिंसिपल ने क्या कहा कि हो गई FIR
बैठक में जिलाधिकारी ने एसडीएम व सीओ कर्नलगंज को निर्देशित किया कि वे कर्नलगंज स्थित (कटरा घाट) सरयू नदी पर बैरीकेटिंग लगाकर घाट पर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से बन्द कर दें तथा श्रद्धालुओं को इस बारे में बताएं कि कोविड-19 संक्रमण के चलते इस वर्ष मन्दिरों में जलाभिषेक नहींं होगा। इसलिए घाट से जल नहीं लेने दिया जाएगा। पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिले के सभी प्रवेश द्वारों पर बैरीकेडिंग लगाएं तथा जलाभिषेक के लिए जल लेने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को वापस भेंजे। उन्होंने एएसपी को निर्देशित किया कि जनपद के सीमावर्ती जनपदों के पुलिस थानों को भी इस बारे में सूचना दें दें जिससे जलाभिषेक न होने की सूचना से बाहर के जनपदों के श्रद्धालु अवगत हो सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद के सभी थानों व प्रमुख स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से भी शिवालयों में जलाभिषेक न होने की सूचना का बार-बार प्रसारण कराते रहें, ताकि श्रद्धालुओं को समय रहते इसकी जानकारी मिल सके। इसके अलावा राजस्व विभाग के लेखपालों व पंचायत सचिवों के माध्यम से ग्राम प्रधानों को इस बारे में अवगत करा दिया जाय कि इस बार भी कोविड संक्रमण के कारण कजरी तीज के अवसर पर जलाभिषेक नहीं होगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों से भी अपील की है कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में यह संदेश जनहित में ज्यादा से ज्यादा से प्रसारित करें कि कजरी तीज पर्व के अवसर पर मंदिरों में जलाभिषेक नहीं होगा, तथा श्रद्धालु अपने-अपने घरों में रहकर पूजा-अर्चना करें। इस दौरान एडीएम राकेश सिंह, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल, एएसपी शिवराज, एसडीएम कर्नलगंज हीरालाल, सीओ मुन्ना उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक खरगूपुर अशोक कुमार, न्याय सहायक चन्द्र प्रकाश मिश्रा, पृथ्वीनाथ मन्दिर व दुखहरण नाथ मंदिर के महंत, काली भवानी मंदिर के महंत, कटरा घाट सरयू के महंत सहित अन्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार करने वालों की अब खैर नहीं-मार्कण्डेय शाही
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
