Monday, March 23, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News: एक से सात सितम्बर तक उत्सव के रूप में मनेगा...

Gonda News: एक से सात सितम्बर तक उत्सव के रूप में मनेगा ‘मातृ वंदना सप्ताह’

आकर्षण का केंद्र बनेंगे सीएचसी पर बनने वाले सेल्फी कार्नर

‘मातृ शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ थीम के साथ मनाया जायेगा सप्ताह, तय हुईं हर दिन की गतिविधियां

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। पहली बार गर्भवती होने वाली या धात्री माताओं के बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और पोषण के लिए देश भर में चलायी जा रही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को गति प्रदान के लिए एक से सात सितम्बर तक मातृ वंदना सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह को एक उत्सव के रूप में मनाने की योजना है, जिसके तहत सप्ताह के हर दिन अलग-अलग गतिविधियाँ आयोजित की जायेंगी। हर साल मनाये जाने वाले इस सप्ताह की इस बार की थीम ‘मातृ शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ निर्धारित की गयी है। इस बार इस सप्ताह के दौरान गर्भवती को कोविड टीकाकरण के प्रति विशेष तौर पर जागरूक करने की भी योजना है। एसीएमओ (आरसीएच) डॉ. एपी सिंह ने बताया कि सप्ताह के दौरान सभी पात्र गर्भवती व धात्री महिलाओं को लाभ पहुँचाने पर जोर दिया जाएगा। जनसामान्य तक ज्यादा से ज्यादा योजना का प्रचार-प्रसार हो और स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा कोविड टीकाकरण के प्रति गर्भवती को विशेष तौर पर जागरूक किया जाने की योजना बनायी गयी है। सप्ताह के दौरान गर्भवती को उचित आराम व पोषण की जरूरत के बारे में समझाने और नियमित प्रसव पूर्व देखभाल की आवश्यकता बताई जाएगी, क्योंकि एक हृष्ट-पुष्ट शिशु के लिए जरूरी है कि गर्भवती के पोषण का खास ख्याल रखा जाए। हरी साग-सब्जियों व मौसमी फल को नियमित भोजन में शामिल किया जाए। गर्भवती को यह भी बताया जाए कि संस्थागत प्रसव में ही माँ-बच्चे की सुरक्षा निहित है व शिशु टीकाकरण बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।

यह भी पढ़ें : कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता : छह घण्टे में अयोध्या से बरामद किए चार लापता किशोर

एसीएमओ ने कहा कि मातृ वंदना सप्ताह के पहले दिन (एक सितम्बर) कार्यक्रम के शुभारम्भ में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। शासन द्वारा जारी पत्र के क्रम में जनपद के समस्त अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया है कि हर ब्लॉक पर माँ-बच्चे एवं गर्भवती के लिए सेल्फी कार्नर बनाया जाए और माँ एवं प्रथम शिशु अथवा गर्भवती की सेल्फी सोशल मीडिया जैसे-ट्विटर व व्हाट्सएप पर जनपद, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपलोड की जाए ताकि चयनित फोटो को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदर्शित किया जा सके। गर्भवती व धात्री महिला को सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाए। सप्ताह के दूसरे दिन (दो सितम्बर) योजना के सफल क्रियान्वयन व उसके उद्देश्यों के लिए ग्राम सभा व शहरी निकाय की बैठक हो। ग्राम सभा स्तर पर पम्प्लेट्स का वितरण किया जाये, जिसमें योजना के लाभ एवं हेल्पलाइन नम्बर 7998799804 को अवश्य अंकित किया जाए। तीसरे दिन (तीन सितम्बर) घर-घर अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों से प्रपत्र एकत्र कर उसी दिन कम्प्यूटर पर दर्ज कर अप्रूवल की प्रक्रिया शुरू की जाए। शून्य व निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जाए कि वह अपने क्षेत्र की सभी पात्र लाभार्थियों का फ़ार्म भरवाएं। गर्भवती को इसी दौरान कोविड टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए। चौथे दिन (चार सितम्बर) कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक कर बैंक, डाक घर, यूआईडीआई, पंचायती राज व सम्बंधित क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ शिविर का आयोजन किया जाए। पांचवें दिन (पांच सितम्बर) विशेष अभियान चलाकर करेक्शन क्यू में कमी लायी जाये, द्वितीय व तृतीय किश्त के मामलों का निस्तारण किया जाए और कोविड टीकाकरण के लिए संवेदीकरण अभियान चलाया जाए। छठे दिन (छह सितम्बर) प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर महिला सामुदायिक इवेंट का आयोजन हो। गर्भवती को मौसमी फल, पौष्टिक आहार व अन्य खानपान की जानकारी दी जाए। पकवान, प्रश्नोत्तरी व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाए और कोविड टीकाकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित हो। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. केसरी ने बताया कि सप्ताह के आखिरी दिन (सात सितम्बर को) सहयोगी संगठनों व जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उत्कृष्ट उपलब्धि वाले ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और उच्च उपलब्धि वाली आशा, आशा संगिनी व एएनएम को पुरस्कृत किया जाएगा।

योजना के तहत तीन किश्तों में मिलते हैं 5000 रूपये

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि पहली बार गर्भवती होने पर योजना के तहत पंजीकरण के लिए गर्भवती और उसके पति का कोई पहचान पत्र या आधार कार्ड, मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो कापी जरूरी है। बैंक अकाउंट ज्वाइंट नहीं होना चाहिए। पंजीकरण के साथ ही गर्भवती को प्रथम किश्त के रूप में 1000 रुपये दिए जाते हैं। प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने और गर्भावस्था के छह माह बाद दूसरी किश्त के रूप में 2000 रुपये और बच्चे के जन्म का पंजीकरण होने और बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर धात्री महिला को तीसरी किश्त के रूप में 2000 रुपये दिए जाते हैं। यह सभी भुगतान गर्भवती के बैंक खाते में ही किये जाते हैं।

Gonda News: एक से सात सितम्बर तक उत्सव के रूप में मनेगा ‘मातृ वंदना सप्ताह’
सीएचसी पंड़री कृपाल में अधीक्षक के साथ कार्ययोजना तैयार करते योजना के जिला समन्वयक सुमित श्रीवास्तव व विजय कांत शुक्ला

यह भी पढ़ें :जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को मिला सपा में शामिल होने का न्यौता!

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular