जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। विद्युत विभाग में हमेशा से उपेक्षित रहने वाले लाइनमैन की काबिलियत, सेवाभावना, त्याग और बलिदान को शुक्रवार को विभाग द्वारा प्रोत्साहित किया गया। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के आदेश पर आज जनपद में लाइनमैन दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें कोरोना काल में सर्वश्रेष्ठ सेवा देने वाले लाइनमैन को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने भी लाइनमैन के प्रयासों को सराहा। विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय के अधिशासी अभियंता रणवीर सिंह ने बताया कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के निर्देश पर लाइनमैन दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मुख्य अभियंता कार्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में देवीपाटन क्षेत्र के दो लाइनमैन को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। इनमें विद्युत वितरण खंड बहराइच के निविदा लाइनमैन रियाजुद्दीन व विद्युत वितरण खंड द्वितीय गोण्डा के बिंदु सिंह शामिल हैं। इन कर्मचारियों को माला पहनाकर प्रशस्त्रि पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता सीबी सिंह गौतम द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र अधीक्षण अभियंता (सम्बद्ध) मनोज सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। साथ ही साथ विद्युत वितरण क्षेत्र में सुरक्षा व स्वास्थ्य से संबंधित प्रतिज्ञा भी कराई गई। अधीक्षण अभियंता ने लाइनमैन द्वारा किए जाने वाले कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लाइनमैन विद्युत व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। सर्दी, गर्मी और बरसात में दिन-रात ड्यूटी देकर सभी को रोशनी मुहैया कराते हैं। निर्बाध विद्युत आपूर्ति और राजस्व वसूली में में लाइनमैन का योगदान कभी भी विस्तृत नहीं किया जा सकता। इस मौके पर अधिशासी अभियंता द्वय (सम्बद्ध) सौरभ भारद्वाज व अनिल मिश्रा, रणवीर सिंह, सहायक अभियंता विपिन सिंह व रवि मद्धेशिया, मुख्य अभियंता कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी संजय सिंह समेत अन्य कर्मचारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलमकारों से अनुरोध..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
