ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निरीक्षण में धर्मकांटा की रसीद नहीं दिखा सका मार्केटिंग इंस्पेक्टर
अनधिकृत व्यक्ति की गोदाम पर मौजूदगी मिलने पर दर्ज कराई जाएगी प्राथमिकी-सूरज पटेल
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। गोदाम के सभी कर्मचारी गले में अपना परिचय पत्र धारण करेंगे। गोदाम के मुख्य प्रवेश द्वार समेत सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जो 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। गोदाम पर एक आगन्तुक रजिस्टर रखा जाएगा, जिस पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति, कोटेदार, कर्मचारी अधिकारी को अपने सम्पूर्ण विवरण के साथ हस्ताक्षर करना अनिवार्य होगा। गोदाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति के काम पर पाए जाने की दशा में जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। यह निर्देश उप जिलाधिकारी सदर सूरज पटेल ने गुरुवार को मुजेहना खाद्यान्न गोदाम के औचक निरीक्षण के मौके पर गोदाम प्रभारी को दिया।
यह भी पढ़ें : इसलिए मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस, यहां भी शहीद किए गए याद
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एक कोटेदार का चालान मौके पर पाया गया किन्तु धर्मकांटा की रसीद नहीं उपलब्ध थी। मार्केटिंग इंस्पेक्टर को निर्देशित किया गया है कि वह चालान के सापेक्ष निकासी के समय की रसीद प्रस्तुत करें, जिस पर तिथि व समय छपा हो। ऐसा करने पर विफल रहने की दशा में विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि गोदाम के मुख्य प्रवेश द्वार समेत सभी प्रमुख स्थानों पर ऐसे लोकेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, जहां से गोदाम का सभी महत्वपूर्ण इलाका कवर होता हो। उन्होंने कहा कि इससे अवांछित व्यक्तियों की उपस्थिति व आवाजाही रोकने में मदद मिलेगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने यह कार्य शीर्ष प्राथमिकता पर कराने का निर्देश दिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया कि गोदाम पर एक आगन्तुक रजिस्टर रखा जाएगा, जिस पर गोदाम पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति, कोटेदार, कर्मचारी आदि को अपना ब्यौरा अंकित करना होगा। उनके द्वारा औचक रूप से सीसीटीवी और आगन्तुक रजिस्टर का मिलान किया जाएगा। यदि सीसीटीवी में कोई व्यक्ति गोदाम पर आते हुए दिखाई पड़ता है, किन्तु उसके आने के समय पर आगन्तुक रजिस्टर पर विवरण दर्ज नहीं पाया जाता है, तो सम्बंधित गोदाम प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : सुबह छह से रात नौ बजे खुलेंगी राशन की दुकानें
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि गोदाम प्रभारी को प्रत्येक कोटेदार की अलग-अलग पत्रावली तैयार करके रखने का निर्देश दिया गया है, जिसमें उस कोटेदार से सम्बंधित सम्पूर्ण सूचनाएं मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि अच्छी बात यह रही कि कई वितरण प्रमाणपत्रों के औचक सत्यापन में सही पाए गए। उन्होंने कहा कि यदि गोदाम पर कोई अनधिकृत व्यक्ति काम करता पाया जाएगा तो सम्बंधित व्यक्ति समेत विपणन निरीक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्डधारकों को समय से उचित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों व कोटेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि पिछले दिनों मुजेहना गोदाम पर एक बाहरी व्यक्ति द्वारा प्रभावी भूमिका निभाने की खबर मीडिया में आने के बाद डीएम मार्कण्डेय शाही ले उपजिलाधिकारी सदर व जिला खाद्य विपणन अधिकारी को संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिये थे। साथ ही गोदाम प्रभारी की भूमिका तय करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी मांगा था। बताया जाता है कि यहां के गोदाम प्रभारी महेंद्र प्रताप सरोज ने अपने एक रिश्तेदार जौनपुर निवासी विनय कुमार को सरकारी अनाज के उठान और वितरण की जिम्मेदारी सौंप रखी थी। इस व्यवस्था से अनाज की कालाबाजारी पर रोक लगाने जैसी प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे थे। निरीक्षण के मौके पर डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्र, विपणन निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को बंद मिली कोटे की दुकान

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
