संवाददाता
मनकापुर, गोण्डा। तहसील क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह येजना में फर्जीवाड़े की चर्चा अभी थमी नहीं थी कि क्षेत्र के ग्राम सभा दतौली में आवास वितरण को लेकर की गयी मनमानी का प्रकरण सामने आया है। ग्राम सभा निवासी अरुण कुमार शुक्ला ने मुख्यमन्त्री सहित जिले के आला अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि चालू वित्तीय वर्ष में ग्राम प्रधान द्वारा आवास वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली की गयी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्राम सभा में 12 आवास स्वीकृत हुए थे। जिन लोगों को ग्राम प्रधान द्वारा चयनित किया गया है, उनमें से अधिकतर लोगों के पक्के मकान पहले से बने हैं। साथ ही उनके पास मानक से अधिक खेती बाड़ी, मोटर साइकिल जैसे संसाधन मौजूद हैं। ऐसे लोगों को आवास प्रदान किये जाने का विरोध करते हुए अरुण शुक्ला ने जांच कर कार्यवाही की मांग की थी, किन्तु आरोप है कि जांच कर्ता ने प्रधान के अधिवक्ता पति के दबाव में आकर शिकायत कर्त्ता के आरोप को ही झूठा ठहराते हुए अपात्रों को आवास पाये जाने योग्य साबित कर दिया। जबकि जांचकर्ता ने स्वयं देखा कि पूर्व से बने पक्के भवन का आकार बड़ा करने के लिए उसी के बगल आवास का निर्माण कराया जा रहा है। कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिनके घर रंग रोगन से सजे हुए हैं। बताते चलें कि शिकायत कर्ता अरुण कुमार ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम प्रधान मंजू पाठक के पति चन्द्र किशोर पाठक तहसील के नामी वकील हैं, जो अधिकारियों को अपने प्रभाव में लेकर मन मुताबिक रिपोर्ट लगवाने में सक्षम हैं। इसलिए दबाव में आकर जांच कर्ता द्वारा अपात्रों को पात्र साबित कर शिकायत को झूठा ठहरा दिया है। हालांकि प्रधान पति ने इन आरोपों का खण्डन करते हुए कहा है कि राजनीतिक विद्वेष के कारण प्रकरण की झूठी शिकायत की गई है।
यह भी पढ़ें : साइबर थाना के प्रयासों से 24 घंटे में लौटाए गए 92 हजार रुपए
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
