मंडल मुख्यालय होने पर भी नही मिल रहा विश्वविद्यालय का सौगात : इंकलाब फाउंडेशन
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने सुभाष चंद्र बोस के जयंती पर विश्वविद्यालय स्थापना के लिए एक दिवसीय धरना दिया। उन्होंने मांग किया कि जिले में एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए। उनके साथ इंकलाब फाउंडेशन मनकापुर के प्रभारी प्रभात वर्मा व अनिल यादव भी धरने पर बैठे। अविनाश सिंह ने बताया कि जनपद गोण्डा की आबादी करीब 35 लाख है, जिसमें सात विधानसभा व दो लोकसभा क्षेत्र आते हैं। यह देवीपाटन मण्डल का मुख्यालय भी है। यहां शिक्षा के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है, लेकिन एक भी सरकारी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय नहीं है। यहां पर एकमात्र वित्त पोषित महाविद्यालय है, जिसमें लिमिटेड सीटें होने के कारण हर साल सैकड़ों छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में बचे हुए छात्र या तो निजी महाविद्यालय में प्रवेश को मजबूर होते हैं, या फिर उन्हें जिले से बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मण्डल को छोड़कर उत्तर प्रदेश के लगभग सभी मण्डलों में विश्वविद्यालय की स्थापना हो चुकी है। यहां तक कि बस्ती, आजमगढ़ और सहारनपुर जैसे छोटे मण्डलों में भी राजकीय विश्वविद्यालय खोले जा चुके हैं, किन्तु पंडित अटल बिहारी बाजपेयी को पहली बार चुनकर लोकसभा में भेजने वाला जिला आज भी विश्वविद्यालय के लिए मोहताज है। 1991 के राम लहर में गोण्डा बलरामपुर संयुक्त जनपद से 11 विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। 2012 के चुनाव में जिले की सात में से छह सीटों पर सपा विधायक जीते, जिसके बलबूते अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बने। 2017 के चुनाव में एक बार फिर जिले की जनता ने सभी सातों सीट भाजपा की झोली में डाल दी, किन्तु राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी के चलते स्वास्थ्य व शिक्षा के मामले में जिला उपेक्षित रहा। राजनीतिक इच्छा शक्ति के बदौलत ही जौनपुर जैसे छोटे से जिले में भी करीब ढाई दशक पूर्व पूर्वांचल विश्वविद्यालय खोला जा चुका था। मात्र दो जिले के मण्डल सहारनपुर में राजकीय विश्वविद्यालय खोला जा चुका है। अखिलेश सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रहे माता प्रसाद पाण्डेय ने इच्छा शक्ति दिखाई तो बस्ती मण्डल के सिद्धार्थ नगर जिले में नेपाल की सीमा के समीप सिद्धार्थ विश्वविद्यालय खोल दिया गया। किन्तु गोण्डा जिले की सुध लेने वाला कोई नहीं। प्रभात वर्मा ने कहा कि अगर किसी छात्र के अभिलेखों में कोई गलती हो जाय, तो उसे फैजाबाद जाना पड़ता है। इससे उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही उसके परिवार के ऊपर आर्थिक बोझ भी पड़ता है।
यह भी पढ़ें : फिर बदली जा रही राम मंदिर नीव की डिजाइन
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
