संवाददाता
गोण्डा। बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आगामी दस फरवरी से बच्चों की पढ़ाई शुरू होनी है। पहली मार्च से प्राइमरी स्कूलों में भी बच्चे बुलाए जाएंगे। लेकिन स्कूल खुलने के पहले ही सफाई अभियान के बहाने बच्चों को बांटने के लिए खरीदी गईं किताबों को इटियाथोक के उच्च प्राथमिक विद्यालय दूल्हमपुर में आग के हवाले कर दिया गया। सोमवार को इसका वीडियो वायरल होने से खलबली मच गई। इतना ही नहीं बीआरसी पर हजारों जूते-मोजे अभी डंप हैं। बच्चों को पूरा ठंड का मौसम बीतने को है जूते-मोजे नहीं मिल पाए। यही नहीं जो जूते आए हैं उनकी साइज ही सही नहीं है।
बेसिक शिक्षा विवादों में घिरता ही जा रहा है। अभी पुराने मामले ठंडे ही नहीं हुए थे कि और मामले सामने आ गए हैं। स्कूल में किताबों के फूंके जाने के बाद विभाग में खलबली मच गई है। इसके साथ ही बच्चों को मिलने वाली योजनाएं भी कई स्कूलों के बच्चों तक नहीं पहुंच पाईं है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. इंद्रजीत प्रजापति ने मामलों की रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारियों से मांगी है। इसके अलावा हिदायत भी दी है कि बच्चों को दी जाने वाली सुविधाएं उन्हें प्राथमिकता से उपलब्ध कराईं जाएं। इटियाथोक से हमारे संवाददाता प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, छात्रों को वितरित की जाने वाली सरकारी पुस्तकें सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय दूल्हमपुर परिसर में ही जला दी गईं। पुस्तकें जलाने के बाद शिक्षक विद्यालय छोड़कर फरार हो गए। यह मामला एक वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय दूल्हमपुर में सोमवार को वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रसोइया कर्ताराम स्वीकार कर रहा है कि सरकारी पुस्तकें जलाई गई हैं। यह कार्य उन्होंने प्रधानाध्यापक के कहने पर की है। छात्रों को निशुल्क पुस्तक वितरण करने की योजना के तहत विद्यालय में पुस्तकें डंप थीं जिसे छात्रों में वितरित नहीं किया गया। उन किताबों को सोमवार को जला दिया गया। विद्यालय परिसर में पुस्तकें जलाने का मामला प्रकाश में आने पर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। वहीं प्रधानाध्यापक सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि पुरानी पुस्तकें थीं तथा कुछ पुराने अभिलेख थे जिसे जलाया गया है। इस संबंध में बीईओ विभा सचान ने मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
इस बीच परिषदीय स्कूलों के बच्चों के लिए आए जूते-मोजे भी अभी बीआरसी पर डम्प पड़े हैं। अब बीआरसी से स्कूलों को भेजकर उनका वितरण कराना है। जानकार बताते हैं कि दर्जीकुआं डायट परिसर में ही स्थित बीआरसी में बच्चों के करीब 22 हजार जूते-मोजे अभी तक डंप हैं। ऐसा तब है, जब परिसर में ही सहायक शिक्षा निदेशक का भी दफ्तर है। इसके बाद भी जूते-मोजे का वितरण नहीं हो पाया है। यही नहीं जूते के साइज को लेकर भी विवाद है। कई स्कूलों से शिकायतें मिलीं हैं कि साइज सही नहीं है। जिससे बच्चों को दिए जाने पर उपयोग नहीं हो सकेगा। फिलहाल जूते को डंप रखने से ही वितरण में देरी हो रही है। बताया गया कि करीब साढ़े तीन लाख बच्चों को उपलब्ध कराने के लिए करीब तीन लाख 52 हजार जूते बीआरसी के कमरों में डंप हैं। पूरा ठंड बीत गया लेकिन बच्चे नंगे पैर ही घूमते रहे।
यह भी पढें : पिता की हत्या करने का आरोपी पुत्र गिरफ्तार
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
