टाउन हाल में आयोजित कार्यशाला में उपाम के महानिदेशक ने कहा
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (उपाम) के महानिदेशक एल. वेकटेश्वर लू ने कहा है कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना हमारे संविधान में प्रदत्त ‘अवसर की समानता’ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के माध्यम से समाज के विपन्न किन्तु मेधावी छात्र-छात्राओं को भी अपने सपनों को पूरा करने का अवसर प्राप्त होगा। वह बुधवार को डा. सम्पूर्णानंद प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सफल क्रियान्वयन के सम्बंध में एक दिवसीय मण्डल स्तरीय कार्यशाला में बोल रहे थे।
अपने सम्बोधन में महानिदेशक ने वेद, पुराण, गीता, उपनिषद, रामायण और महाभारत का हवाला देते हुए प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को सफलता के गुर बताए। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को अवसर की समानता प्रदान किया है। इस योजना से यह सभी पूर्ण रूप से फलीभूत होंगी। अब गरीब मां-बाप के मेधावी बच्चे भी बड़े अधिकारी बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि अभ्युदय योजना से बच्चों एवं शिक्षकों में पठन-पाठन की रुचि ही नहीं जागृत होगी, बल्कि इस योजना से अवसर और प्रतिष्ठा की समानता भी प्राप्त होगी। जब एक अधिकारी या शिक्षक अपने मूल दायित्वों के साथ प्रतिभाशाली गरीब बच्चे को पूर्ण सेवा भाव के साथ प्रशिक्षित करता है, और वह आगे चलकर उच्च पद को प्राप्त करता है तो वह उच्च पदस्थ व्यक्ति कैसा होगा, इसकी कल्पना की जा सकती है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों को संकल्प दिलाया कि वह अभ्युदय योजना को आगे ले जाने में अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञान और कर्म से समाज चलता है। हमारे लिए अनुशासन और नैतिक मूल्यों की शिक्षा बहुत जरूरी है। महानिदेशक ने कहा कि ऋषि मुनियों का ज्ञान और क्रांतिकारियों का मार्गदर्शन भारत को परम वैभव तक ले जाकर विश्व गुरू बनाने में सहायक होगा। कार्यशाला में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अक्षम और जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षक स्वेच्छा से आगे आएंगे और ईमानदार विद्यार्थियों का निर्माण करेंगे, जिससे वह अच्छे पदों पर पहुंचकर कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि अभ्युदय योजना समाज के उपेक्षित वर्ग तक पहुंचकर उन्हें सक्षम बनाने की दिशा में एक कारगर पहल है। सिर्फ विद्यार्थियों को नहीं, बल्कि शिक्षकों को भी इससे लाभ होगा। डीजी ने कहा कि प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों ने परोपकार को ईश्वरीय वरदान और शिक्षा को सबसे बड़ा दान बताया था। आज हम सभी सेवा को भूलकर अधिकार पाने में उलझ गए। अभ्युदय से हम अपने कर्तव्यों का पालन कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि ईश्वर के यहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है कि जो छल कपट करेगा, वह मजे काटेगा। उन्होंने अधिकारियों का आहवान किया कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर हमें अच्छा काम करना चाहिए। इस समय काम करने का अच्छा वातावरण है।
मण्डलायुक्त एसवीएस रंगाराव ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय येजना के अंतर्गत दी जा रही कोचिंग में क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष प्रयास कर ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा जहां पर अभ्यर्थियों को सिर्फ़ मार्गदर्शन ही नहीं, उन्हें सिविल सेवा क्रैक करने के लिए व्यवस्थित भी किया जाएगा। प्रत्येक बच्चे का ध्यान रखा जाएगा। मंडलायुक्त ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि हम सब मिलकर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत दी जा रही कोचिंग में ओरिएंटेशन बदल रहे हैं ताकि अभ्यर्थियों में यदि कोई गलत चीज घर कर गई है तो उसे भी दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि अभी तक इस योजना का फीडबैक बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने बताया कि अभ्युदय योजना में देवीपाटन मंडल की एक पृथक वेबसाइट बनाई जाएगी जिससे अभ्यर्थियों को और अधिक आसानी हो जाए। उन्होंने बताया कि अभ्युदय योजना के अभ्यर्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से सम्बंधित ऐसी पुस्तकें जो गरीब अभ्यर्थी खरीद नहीं सकते उन्हे खरीद कर पुस्तकालय में रखा जाएगा। जनपद गोण्डा में अभ्युदय योजना के तहत किए उत्कृष्ट प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आयुक्त ने डीएम और एसपी की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने अपने सम्बोधन में कहा कि निश्चित रूप से यह योजना बहुत अच्छी है क्योंकि कोई भी छात्र जिस कोचिंग को ज्वाइन करता है, उसकी फैकल्टी को जरूर देखता है। इस योजना में उच्च पदों पर तैनात प्रशासनिक अधिकारी भी पढ़ा रहे हैं, तो अभ्यर्थी के लिए यह एक अवसर और आकर्षण तो है ही। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने गोण्डा में बड़ी संख्या में स्मॉर्ट क्लासेज़ तैयार कराने शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अगले कुछ समय में हम इस योजना के अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा बच्चों को कोचिंग देने में सक्षम हो सकें। उन्होंने कहा कि संस्थागत परिवर्तन तभी संभव है, जब आधारभूत संरचना मजबूत रहे और वे उसी दिशा में ठोस कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अब जिले के सभी लब्ध प्रतिष्ठित विद्यालयों में अनिवार्य रूप से लाइब्रेरी स्थापित कराने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है, और जल्द ही इसके सुखद परिणाम देखने को मिलेंगे।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि संसाधनों के अभाव से जूझ रहे अभ्यर्थियों के लिए यह योजना वरदान है। कार्यशाला में उपस्थित कई अभ्यर्थियों व अध्यापकों ने सवाल भी पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने जवाब दिया। इस अवसर पर डीएम बहराइच शंभू कुमार और डीएम श्रावस्ती टीके शिबू ने भी प्रेरणादायक विचार रखे। कार्यशाला के पहले महानिदेशक ने एलबीएस पीजी कालेज में अभ्युदय योजना के तहत स्थापित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा हाइटेक व्यवस्था देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और अभिनव प्रयासों की सराहना की। डीडी समाज कल्याण जितेंद्र सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यशाला में जिलाधिकारी के आह्वान पर नगर के संभ्रांत जनों ने पाठ्य पुस्तकें प्रदान की। पुस्तकें प्रदान करने वालों में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश सिंह, मुकेश अग्रवाल व रंगेश अग्रवाल तथा जिला पूर्ति अधिकारी वीके महान शामिल हैं। जिलाधिकारी ने छात्रों के भविष्य को लेकर संजीदगी दिखाते हुए पुस्तकें प्रदान करने वाले अधिकारियो और प्रबुद्ध जनों का अभिनंदन और आभार प्रकट किया। कार्यशाला में प्रशिक्षु आईएएस अफसर सूरज पटेल, नगर मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, एसडीएम सदर कुलदीप सिंह, एलबीएस प्रिंसिपल वंदना सारस्वत, जीजीआईसी प्रिंसिपल गीता त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक, अभ्युदय योजना के तहत चयनित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
हमारी अन्य खबरों को पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
