Tuesday, March 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News:रासायनिक हमले में तीन सगी बहनें झुलसीं

Gonda News:रासायनिक हमले में तीन सगी बहनें झुलसीं

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के पसका गांव में बीती रात घर के छत पर सो रही एक किशोरी पर किसी रासायनिक पदार्थ से हमला किया गया। परिणाम स्वरूप उसके साथ सो रही दो अन्य बालिकाएं भी इसकी चपेट में आकर झुलस गईं। तीनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने आज यहां बताया कि सोमवार की रात घर की छत पर तीन नाबालिग लड़कियां एक साथ सो रही थीं। सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बड़ी लड़की खुशबू (17) को लक्ष्य करते हुए कोई रासायनिक पदार्थ फेंक दिया गया, जिससे वह करीब तीस फीसद झुलस गई। साथ में सोए होने के कारण रासायनिक पदार्थ की कुछ बूंदें उसकी दो छोटी बहनों कोमल (सात) व मुस्कान (पांच) पर भी गिरीं, जिससे वे दोनों क्रमशः बीस तथा सात-आठ फीसद झुलस गईं। तीनों को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार चल रहा है। डाक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत खतरे से बाहर है। एसपी ने कहा, ‘अटैक किए गए केमिकल के बारे में अभी कोई सटीक जानकारी नहीं है। विशेषज्ञों की छानबीन के उपरान्त स्पष्ट हो सकेगा।’ घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फारेंसिक टीम व डाग स्क्वाएड के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि आसपास के ही किसी व्यक्ति द्वारा इस जघन्य घटना को अंजाम दिए जाने का अनुमान है। अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही हम दोषी को गिरफ्तार करने में सफल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular