देवीपाटन मंदिर के पास बस स्टेशन बनाने के लिए होगी जमीन की खोज
संवाददाता
गोण्डा। उप्र विधान मण्डल की सार्वजनिक एवं निगम संयुक्त समिति (2019-20) की प्रथम उपसमिति की बैठक सभापति राम चन्द्र यादव के नेतृत्व में सदस्यों के साथ सर्किट हाउस में सम्पन्न हुई, जिसमें समिति द्वारा जनपद में कार्यशील निगमों के अधिकारियों के साथ बैठक कर संचालित योजनाओं की वित्तीय व भौतिक प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश एवं सुझाव प्रदान किये गए। समिति द्वारा संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों के स्थलीय निरीक्षण के क्रम में जनपद गोण्डा-बहराइच-फैजाबाद-अम्बेडकर नगर राजमार्ग संख्या-30 पर गोण्डा-बाराबंकी रेल सेक्शन के किलोमीटर संख्या 659 पर समपार संख्या 262 स्पेशल फोरलेन उपरिगामी सेतु निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जहां पर आम जन के आवागमन की परेशानियों के दृष्टिगत सेतु स्थल से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर मिश्रौलिया गुमटी क्रासिंग से डायवर्जन का सुझाव दिया गया। समिति द्वारा निर्माण इकाई सिडको की इलेक्ट्रिक शाखा व सेतु निगम के अधिकारी की अनुपस्थिति पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए डीएम से अपेक्षा की गई कि डीएम सम्बन्धित अधिकारी का स्पष्टीकरण प्राप्त कर उनसे सम्बन्धित उच्च अधिकारी के संज्ञान में लाकर कार्यवाही कराएं। बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा से सम्बन्धित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में उप्र राजकीय निर्माण निगम से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा के दौरान समिति द्वारा निगम द्वारा विकास खण्ड इटियाथोक के भवानीपुर कला में बनाए जा रहे राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्य का अपर जिलाधिकारी से सम्बन्धित विधायक की उपस्थिति में जांच कराए जाने की जिलाधिकारी से अपेक्षा की गई। इसी प्रकार यूपी पॉवर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा गोण्डा जनपद के अन्तर्गत डीडीयूजीजेवाई योजना के अन्तर्गत इटियाथोक में 132 केवी के पावर ट्रान्समिशन स्टेशन के कराए जा रहे कार्यों की भी जांच कराकर समिति को अवगत कराए जाने की अपेक्षा जिलाधिकारी से की गई। समिति ने यूपी एग्रो इन्डस्ट्रियल कार्पोरेशन तथा उप्र राज्य कर्मचारी कल्याण निगम को घाटे में होने के कारण इस जनपद से अन्यत्र मर्ज कराने के प्रकरण का विशेष संज्ञान लिया। समिति द्वारा जनपद बलरामपुर के तुलसीपुर देवीपाटन मन्दिर के निकट रोडवेज का बस स्टाप बनाए जाने को लेकर जमीन की व्यवस्था किए जाने के निर्देश आरएम रोडवेज को दिए गए। परिवहन निगम द्वारा विगत वर्षों में निगम को लाभ में रखने तथा वैश्विक महामारी कोरोना काल में उल्लेखनीय कार्य किए जाने के दृष्टिगत आरएम रोडवेज प्रभाकर मिश्र को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बैठक में जनपद-बलरामपुर-गोण्डा के बार्डर पर कुआनो नदी पर सेतु निगम द्वारा बनाए जाने वाले पुल के सम्बन्ध में वन विभाग से एनओसी प्राप्त कराने के निर्देश डीएफओ को दिए गए हैं। सभापति द्वारा सदस्यों की ओर से अधिकारियों के साथ तथ्यात्मक व अच्छी चर्चा पर सदस्यों का आभार तथा जिलाधिकारी के अच्छे प्रस्तुतीकरण पर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
समीक्षा बैठक में समिति के सदस्य हीरालाल, करन सिंह पटेल, जटा शंकर त्रिपाठी, श्रीमती संजू देवी, संतोष यादव सनी, सूर्य भान सिंह आदि लोगों ने भी अपने महत्वपूर्ण निर्देश व सुझाव प्रदान किये। इस अवसर पर जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने कहा कि सभापति व सदस्यों द्वारा जो भी निर्देश व सुझाव दिए गए हैं! उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा विकास कार्य गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ ही समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएगें। बैठक में विधायक कटरा बावन सिंह, विधायक मेहनौन विनय द्विवेदी, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, एडीएम राकेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट वन्दना त्रिवेदी, सीएमओ डा. अजय सिंह गौतम सहित समिति के उप सचिव बशीर अली तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : इसलिए युवक ने एक ही मंडप में रचाई दो युवतियों से शादी!
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
