दो बार पूर्वाभ्यास के साथ कोविड-19 टीकाकरण के दो चरण सफलतापूर्वक संपन्न
दूसरे चरण में 1652 लोगों को लगा टीका, जिले में टीका लगवाने वालों की कुल संख्या हुई 2065
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले में पिछले 16 जनवरी से शुरू हुआ कोविड-19 टीकाकरण अभियान पूरी तरह से सफल रहा है। जिन स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मियों का टीकाकरण किया गया, वह सभी सकुशल और तंदुरुस्त हैं। जिले की अगर बात करें, तो पहले दौर में जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाके के छः अस्पतालों में टीकाकरण सत्र स्थल बनाकर छः सौ स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों का लक्ष्य रखा गया, जिनमें से 413 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण कर लगभग 69 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की गयी। वहीं दूसरे चरण में टीकाकरण कार्य का दायरा बढ़ाते हुए 12 अस्पतालों में सत्र स्थल बनाये गए तथा 1652 लोगों को टीके से प्रतिरक्षित किया गया। टीका लगवाने वाले सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह कहना है जिले के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार का। उन्होंने बताया कि जिले में टीकाकरण का पहला व दूसरा चरण पूरी तरह से कामयाब रहा है। उम्मीद है कि कोरोना वैक्सीन के आने व दोनों चरण का टीकाकरण कार्य कामयाब रहने से भविष्य में निश्चित रूप से कोरोना पर काबू पाया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें : थानेदार समेत 10 पुलिस कर्मियों पर FIR के आदेश
दूसरे चरण के अभियान में कोरोना का टीका लगवाने वाले एससीपीएम कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग ऐंड पैरामेडिकल साइंसेज के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ मंदीप सिंह ने कहा कि वह पूरी तरह से तंदुरुस्त हैं। उन्हें इस बात का भी गर्व रहेगा कि टीका उन्हें लगा है। उन्होंने बताया कि शरीर में कोई तकलीफ नहीं है। रोज की तरह रात का खाना खाया, पूरी नींद ली व शनिवार सुबह सैर भी की है। कोरोना वैक्सीन निश्चित रूप से देश को कोरोना मुक्त बनाएगी। यह सुरक्षित है व किसी को भयभीत होने की जरूरत भी नहीं है। एससीपीएम कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंसेज की लेक्चरर सोनम तिवारी ने कहा कि वह टीका लगवाने के बाद पूरी तरह से ठीक हैं। यह वैक्सीन निश्चित रूप से कामयाब है। लोगों को टीकाकरण से डरना नहीं चाहिए। जब जिसका नंबर आए, उसे हर हाल में टीकाकरण करवाना चाहिए। कोरोना को मात देने के लिए टीका लगवाना ही पड़ेगा, जो कि पूरी तरह से सुरक्षित व कारगर है।

कोविड टीकाकरण में शामिल हैं आठ प्रक्रियाएं :
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ देवराज चौधरी ने बताया कि कोविड टीकाकरण कार्य को आसान और सुलभ बनाने के लिए आठ प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है। लाभार्थी द्वारा उचित फोटो आइडी के साथ कोविन सिस्टम में पंजीकरण करवाना टीकाकरण का पहला चरण है। दूसरे चरण में पंजीकरण के बाद लाभार्थी को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएमस से आवश्यक सूचना प्राप्त होगी। पहला एसएमएस पंजीकरण की पुष्टि के लिए होगा। दूसरा एसएमएस टीकाकरण की तिथि, समय और स्थान बताने व तीसरा एसएमएस पहला टीका लगने के बाद भेजा जायेगा जिसमें दूसरे टीके की निर्धारित तिथि होगी। इसके बाद मिलने वाले एसएमएस में दूसरा टीका लगने के बाद डिजिटल सर्टिफिकेट के लिए लिंक के साथ भेजा जायेगा। तीसरे और चौथे चरण में क्रमशः टीकाकरण स्थल के प्रवेश द्वारा पर लाभार्थी का पंजीकरण संदेश और फोटो आइडी की जांच होगी और कोविन सिस्टम से दस्तावेजों को प्रमाणित किया जायेगा। पांचवे चरण में टीकाकरण अधिकारी लाभार्थियों को टीका लगायेंगे। छठे चरण में टीका लगने के बाद निर्धारित क्षेत्र में लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी के लिए रूकना होगा। इसके बाद यह सुनिश्चित किया जायेगा कि लाभार्थी 30 मिनट प्रतीक्षा करें और साथ ही गैर पंजीकृत लाभार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। आठवें और अंतिम चरण में दूसरा टीका लगवाने के लिए एसएमएस के अनुसार दी तारीख पर लाभार्थी टीकाकरण स्थल पहुंचेंगे। दूसरे डोज के समय यदि लाभार्थी बीमार पाये जाते हैं, तो टीकाकरण के लिए उनके स्वस्थ होने तक इंतजार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने पदभार सम्हाला
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
