जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के नयपुर गांव में बकाया वसूली करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर अपने समर्थकों के साथ हमला करने वाले प्रधान पुत्र समेत तीन लोगों को नामजद करते हुए करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अवर अभियंता अजय गुप्ता द्वारा थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि शुक्रवार शाम को नयपुर शेख पुरवा में एसडीओ सुनील श्रीवास्तव की अगुवाई में विभागीय कर्मचारी शिवभुवन यादव, सुमाकर यादव, संविदा कर्मी जनार्दन तिवारी, मुन्नालाल, बाबादीन, धर्मेंद्र चौधरी, मीटर सुपरवाइजर संतोष गुप्ता, रीडर बागीश पांडेय के साथ मौके पर पहुंचे। बिना बिल जमा किए अवैध रूप से बिजली जलाने वालों पर कार्रवाई के दौरान प्रधान पुत्र नाहर सिंह, अवध नरेश, चंदर अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप के अनुसार, उक्त लोगों ने जांच करने गई टीम के सदस्यों को बंधक बनाकर हाथापाई की। थानाध्यक्ष संतोष तिवारी ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर तीन नामजद व 50 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस बीच प्रधान पुत्र ने डीआइजी से मिलकर इस सम्बंध में बिजली विभाग के कर्मचारियों की शिकायत की है। आरोप है कि अवर अभियंता की अगुवाई में टीम जांच ने विद्युत बकाए के नाम पर कनेक्शन काट दिए। उपभोक्ताओं ने बिना बिल के भुगतान न किए जाने की बात की तो अवर अभियंता ने अभद्रता की। आरोप है कि अवर अभियंता द्वारा पुराने बिजली बिल व पुराने मीटर को बदलने के एवज में सुविधाशुल्क की मांग की जा रही है। अवर अभियंता ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लोग अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
