जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल की अगुवाई में प्रसपा के एक प्रतिनिधि मण्डल ने बुधवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे हत्या, बलात्कार, लूट एवं डकैती जैसे जघन्य अपराधों पर रोक लगाने, गन्ना किसानों का बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराने, धान क्रय केन्द्रों की पर्याप्त व्यवस्था कर सरकारी मूल्य पर किसानों के धान खरीदे जाने का इंतजाम करने, जिले में मेरिट के आधार पर ही थाना प्रभारियों की तैनाती किये जाने, सत्ता संरक्षण में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने एवं तिर्रे मनोरमा में सम्पत्ति विवाद को लेकर घटित अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ट्रस्ट बनाकर धार्मिक क्रिया-कलाप सुचारू रूप से संचालित कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने की मांग की है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल ने प्रमुख महासचिव जमाल मोहम्मद चौधरी, जिला महासचिव मदन मोहन मिश्र, जिला महासचिव गोविन्द शिल्पकार, जिला सचिव परवेज सलमानी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बब्लू भाई, मंशाराम मिश्र, अब्दुल कयूम खान एवं महेन्द्र तिवारी की मौजूदगी में जिलाधिकारी को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार पर अहंकारी, दिशाहीन एवं संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

